उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के इलाहाबाद मंडल परिक्षेत्र के सांसदों के साथ शुक्रवार को रेलवे अफसरों की बैठक सिविल लाइंस स्थित एक होटल में हुई। बैठक में इलाहाबाद के सांसद श्यामा चरण ट्रेनों के एसी कोच में मच्छरों का मामला उठाया। जीएम एनसीआर राजीव चौधरी से उन्होंने कहा कि एसी कोच में मच्छरों से निजात दिलाने के लिए रेलवे प्रबंध करें। सांसद ने कहा कि ट्रेनों के शौचालय में भी गंदगी रहती है। हालांकि रेलवे स्टेशनों पर चलाए जा रहे सफाई अभियान पर उन्होंने अफसरों की पीठ भी ठोकी।
सांसद ने कहा कि दारागंज, इलाहाबाद सिटी, प्रयाग एवं शहर के अन्य स्टेशनों को एनसीआर जोन में शामिल करने की प्रक्रिया तेज की जाए। इलाहाबाद जंक्शन पर रांची राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित करने की भी बात उन्होंने कही। दिल्ली दुरंतो में देर रात टिकट चेकिंग के लिए चेकिंग स्टाफ द्वारा यात्रियों को जगाने की बात पर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर की। कहा कि ट्रेन चलने के अधिकतम घंटे भर चेकिंग स्टाफ यात्रियों की टिकट चेकिंग सुनिश्चित करें। मांडा स्टेशन पर मछली की लोडिंग के लिए ज्यादा ट्रेनों के ठहराव के साथ इलाहाबाद छिवकी में बजट होटल एवं छोटे स्टेशनों पर खान पान की उचित व्यवस्था करने का आग्रह किया। सांसद निधि से नैनी, मेजा, मांडा, शंकरगढ़ एवं जसरा स्टेशनों पर पेयजल व्यवस्था के लिए दस लाख रुपये देने की भी उन्होंने घोषणा की। साथ ही प्रयागराज, दुरंतो की लेटलतीफी का भी मुद्दा उठाया।
बैठक में सासंद फूलपुर नागेंद्र सिंह पटेल ने कुंभ मेले के सफल आयोजन के लिए अतिरिक्त सावधानी बरते जाने को कहा। एस्केलेटर और लिफ्ट की संख्या बढ़ाने का भी उन्होंने सुझाव दिया। इस अवसर पर सांसद बांदा भैरव प्रसाद मिश्र ने बरगढ़ स्टेशन पर कानपुर इंटर सिटी एवं उसका विस्तार कानपुर से लखनऊ और दूसरी ओर चित्रकूट से बांदा तक करने को कहा। इसके पूर्व जीएम एनसीआर ने जोन की तमाम उपलब्धियों का ब्यौरा पेश किया। उन्होेंने कुंभ के कार्र्यों के बारे में भी अवगत कराया। इस मौके पर राज्य सभा सांसद विशंभर प्रसाद निषाद, सांसद रीवा जनार्दन मिश्र ने भी अपने क्षेत्र की मांगों का ब्यौरा रखा। बैठक में डीआरएम अमिताभ समेत जोन एवं मंडल के तमाम अफसर आदि मौजूद रहे।