प्रयागराज में महिलाओं से छिन गए चारों महत्वपूर्ण पद
कुछ समय पूर्व प्रयागराज देश का एकमात्र ऐसा शहर था जहां मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष का पद महिलाओं के पास था। इतना ही नहीं यहां कि दोनों सांसद भी महिला ही हैं, लेकिन चार जून 2024 तक ही। ऐसा इसलिए क्योंकि भाजपा ने इस बार प्रयागराज की दोनों सीटों पर पुरुष उम्मीदवार ही खड़े किए हैं।
इसके पूर्व यहां जिला पंचायत अध्यक्ष का पद रेखा सिंह और मेयर का पद अभिलाषा गुप्ता नंदी के पास था। 2021 में हुए जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा ने डाॅ. वीके सिंह को यहां से अपना उम्मीदवार बनाया। इसके बाद 2023 के मेयर चुनाव में गणेश केसरवानी को चुनावी मैदान में उतारा गया। दोनों ने ही चुनाव जीता।
2019 के चैत्र नवरात्र में ही केशरी देवी को मिली थी गुड न्यूज
वर्ष 2019 के चैत्र नवरात्र के पहले दिन ही केशरी देवी पटेल को भाजपा से टिकट मिलने की न्यूज मिली थी। तब नवरात्र का पहला दिन था। लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। चैत्र नवरात्र के दूसरे दिन भाजपा ने टिकट तो घोषित किया लेकिन केशरी देवी पटेल की जगह पार्टी ने विधायक प्रवीण पटेल को टिकट दे दिया।
पार्टी ने जो निर्णय लिया उसका मैं स्वागत करती हूं। आगे जो भी दायित्व मिलेगा उसका मैं पूरी निष्ठा से निर्वहन करुंगी। जनता की सेवा पहले की ही तरह करती रहूंगी। - केशरी देवी पटेल, सांसद फूलपुर
पार्टी के नेतृत्व की मैं सराहना करती हूं। मुझे पूरी उम्मीद है कि प्रयागराज की दोनों सीट पर भाजपा प्रचंड जीत हासिल करेगी। नेतृत्व जो कहेगा वह मैं पूरी निष्ठा के साथ करुंगी। - डाॅ. रीता बहुगुणा जोशी, सांसद इलाहाबाद