अहोई अष्टमी पर रविवार को माताओं ने व्रत रखकर पुत्रों की उन्नति व लंबी उम्र के लिए चांद-तारों को अर्घ्य दिया। चंद्रदर्शन कर मां पार्वती से पुत्र की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना की। इस दौरान संगम तट पर पुण्य की डुबकी लगाने के साथ ही दीपदान किया गया। त्रिवेणी तट पर अहोई माता के नाम पर रखी गईं दीपों की लड़ियां देखते बन रही थीं।
रविवार को अहोई अष्टमी व्रत रखकर संगम पर हजारों की तादाद में श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई। कार्तिक कृष्ण पक्ष की इस अष्टमी पर कोविड-19 के संक्रमण से बेखौफ होकर श्रद्धालुओं ने संगम पर स्नान, दान किया। जगह-जगह रेती पर शिव -पार्वती की प्रतिमाएं बनाकर मंडप सजाए गए। इस दौरान गंध, अक्षत, पुष्प और नैवेद्य से मां पार्वती का पूजन किया गया।