वर्ष 2019 में प्रदेश में तीन हजार से अधिक नए माध्यमिक विद्यालय खुलने की उम्मीद है। माध्यमिक शिक्षा परिषद से विद्यालयों को मान्यता के लिए इन दिनों ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जारी है। पूर्व में आए ऑफलाइन तकरीबन 1700 आवेदन निरस्त होने के बाद अब मान्यता के लिए तीन हजार से अधिक आवेदन आने की उम्मीद जताई जा रही है। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद फरवरी 2018 में मान्यता समिति की बैठक में इस पर फैसला होगा।
वर्ष 2016 में प्रदेशभर से तकरीबन 1700 विद्यालयों में माध्यमिक शिक्षा परिषद से हाईस्कूल की मान्यता के लिए आवेदन किया लेकिन प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के बाद मान्यता के लिए आवेदन की प्रक्रिया में भी बदलाव कर दिया गया। सरकार ने मान्यता के ऑनलाइन आवेदन करने की व्यवस्था लागू कर दी और पूर्व में आए आवेदनों को निरस्त कर दिया। आवेदन करने वाले विद्यालयों के प्रबंधन को ऑनलाइन आवेदन के लिए सूचना भी भेजी गई। अब ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 30 सितंबर तक चलेगी।
वर्ष 2016 में आए आवेदनों के निरस्त होने के बाद अब वह सभी ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं। इसके साथ वर्ष 2017 में भी तकरीबन 1500 आवेदन होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में तीन हजार से अधिक आवेदन आने की उम्मीद है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रपत्रों की 31 दिसंबर तक जांच होगी। इसके बाद फरवरी 2018 में मान्यता समिति की बैठक में इन आवेदनों पर अंतिम फैसला होगा।