अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण के लिए धन समर्पण निधि अर्पण करने वालों का कारवां लगातार बढ़ता जा रहा है। अभियान के 27 वें दिन काशी प्रांत के विभिन्न जिलों से 33 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि का धनसंग्रह हुआ। इसमें प्रयागराज का साढ़े तीन करोड़ रुपये से ज्यादा का योगदान रहा।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख डा. मुरार जी त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के 27 वें दिन प्रयाग उत्तर मे 153.29 लाख, प्रयाग दक्षिण में 119.09 लाख तथा नैनी में 80.70 लाख की राशि ,संग्रह की गई । प्रांत प्रचार प्रमुख के मुताबिक अभियान में किसान, मजदूर, बच्चे, महिलाओं, विद्यार्थियों, शिक्षक, चिकित्सक, अधिवक्ता, व्यापारी समेत सभी वर्ग के लोगों से सहयोग मिल रहा है।
हर कोई रामलला के भव्य मंदिर को बनाने के लिए इस यज्ञ में अपनी समिधा डाल रहे हैं। काशी प्रांत में 1494 डिपाजिट इस कार्य में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ लगे हुए हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के तीनों खातों में 10 फरवरी तक 1000 करोड़ की राशि पहुंच चुकी है। उधर विहिप प्रांत कार्यालय केसर भवन में मंदिर निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को दस बच्चे अपनी गुल्लक लेकर पहुंचे। उन बच्चों की विहिप पदाधिकारियों ने खासी सराहना की।
कल होगा गंगा समग्र अभियान कार्यक्रम का भूमि पूजन
माघ मेला क्षेत्र परेड में होने वाले गंगा समग्र अभियान के कार्यक्रम का भूमि पूजन विश्व हिंदू परिषद मेला शिविर में रविवार 14 फरवरी को सुबह 10:30 बजे होगा। इसमें गंगा समग्र अभियान के राष्ट्रीय संगठन मंत्री मिथलेश, राष्ट्रीय महामंत्री आशीष सिंह उपस्थित रहेंगे। यह कार्यक्रम 19 एवं 20 फरवरी को आयोजित होगा। 20 फरवरी को इस आयोजन में संघ प्रमुख मोहन भागवत शामिल होंगे। इसमें छह राज्यों से जुड़े लोग शामिल होंगे। उक्त जानकारी गंगा समग्र अभियान के क्षेत्रीय संयोजक चिंतामणि सिंह ने दी।