इलाहाबाद (ब्यूरो)। रामदल निकलने के क्रम में बुधवार को श्री महंत बाबा हाथीराम पजावा रामलीला कमेटी की ओर से भव्य राम दल निकाला गया। पूरे रास्ते जगह-जगह आरती पूजन हुआ। पूरा क्षेत्र बिजली की रंगीन रोशनी से जगमगा रहा था।
शाहगंज स्थित राममंदिर में विधिविधान से पूजन अर्चन के बाद रामदल नगर भ्रमण को निकाला। दल के आगे राजा महाराजा राजसी ठाठ के साथ घोड़े पर सवार थे। ध्वजा-पताका, ऊंट, घोड़े-हाथी, बैंडबाजा के अलावा डीजे की धुन पर थिरकते उत्साही श्रद्धालु रामदल में शामिल थे। रामदल पत्थर शिवाला खुल्दाबाबाद से नखासकोहना, कोतवाली, चौक, रामभवन चौराहा, मुट्ठीगंज, शीशमहल, भारती भवन, लोकनाथ होता हुआ रानी मंडी पर समाप्त हुआ। पूरे रास्ते भगवान राम का जगह-जगह आरती कर स्वागत हुआ। दल में कलात्मक चौकियां रामदरबार, शिव परिवार, सीता हरण, बालि, सुग्रीव युद्ध, सीता अग्नि परीक्षा, राम, सुग्रीव मित्रता, लवकुश का अश्वमेघ घोड़ा पकड़ना आदि ने लोगों को मंत्रमुग्ध किया।
दल के साथ संयोजक ओमप्रकाश सेठी, रामजी मालवीय , सचिन गुप्ता, श्याम जी अग्रवाल, राजेश मेहरोत्रा, रामजी केसरवानी, अमित कपूर, सुरेश चंद्र टंडन, चिंतामणि, अनिल, अशोक मालवीय आदि चल रहे थे।