एमएनएनआईटी के प्रोफेसर डॉ अभिषेक कुमार। फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला।
तेलियरगंज स्थित मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) के अप्लाइड मैकेनिक्स विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. अभिषेक कुमार का सोमवार मॉर्निंग वॉक के दौरान निधन हो गया। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक को मौत का कारण बताया गया है। शिवकुटी पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मूलरूप से बिजनौर जिले के धामपुर निवासी डॉ. अभिषेक कुमार 17 जून 2005 से एमएनएनआईटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर नियुक्त हुए थे। वह शिवकुटी इलाके के मल्टी स्टोरी फैकल्टी अपार्टमेंट में पत्नी शुचि चौहान और दो बेटे के साथ रहते थे। रोजाना की तरह सुबह वह अपने घर से टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान घर के पास उन्हें अचानक बेचैनी महसूस हुई और कुछ ही पलों में वह जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उनके अचानक निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही एमएनएनआईटी परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। कार्यवाहक कुलसचिव डॉ. अंबक कुमार राय व कार्यवाहक निदेशक प्रोफेसर एमएम गोरे ने बताया कि डॉ. अभिषेक कुमार सरलता, मार्गदर्शन और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के लिए प्रसिद्ध थे, उनकी मौत के बाद संस्थान में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी गई। शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों का सौंप दिया गया है, मामले की जांच की जा रही है।