आविष्कार के पहले दिन युवाओं के हीरो बनकर सामने आए परमवीर चक्र विजेता सूबेदार मेजर योगेंद
प्रयागराज। मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) बुधवार को चार दिवसीय तकनीकी उत्सव आविष्कार का रंगारंग शुभारंभ हुआ। आविष्कार के पहले दिन पहुंचे कारगिल युद्घ के हीरो और परमवीर चक्र विजेता सूबेदार मेजर योगेंद्र सिंह यादव ने अपने अनुभवों से देशभक्ति की भावना से भर दिया। छात्रों से कारगिल युद्घ के अपने अनुभव को साझा करने के साथ आह्वान किया कि वह देश के लिए आगे आएं। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार प्रभु चावला ने छात्रों के फेक न्यूज और वास्तविक न्यूज में अंतर के सवाल का जवाब दिया साथ ही छात्रों से अनुभव साझा किया।
पाकिस्तान की धमकी से देश जवान डरने वाला नहीं
आविष्कार के पहले दिन सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रमों में सबसे रोचक कार्यक्रम नोटॉक्स रहा, इस कार्यक्रम में सबसे कम उम्र के परमवीर चक्र विजेता सूबेदार मेजर योगेंद्र सिंह यादव ने छात्रों को अपने संबोधन से नई ऊर्जा से भर दिया। उनके संबोधन के दौरान संस्थान के एमपी बिरला हॉल में देश भक्ति के नारों की गूंज होती रही। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की युद्घ की धमकी से अपने देश का जवान डरने वाला नहीं है, हमारी सेना उसकी हर नापाक हरकत का जवाब देने के लिए तैयार है।
छात्रों को फेक, रीयल न्यूज के अंतर को समझाया
आविष्कार के पहले दिन के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार प्रभु चावला ने छात्रों को संबोधित किया, उन्होंने आज की पत्रकारिता के सामने मौजूद चुनौतियों के साथ छात्रों को फेक और रीयल न्यूज के अंतर के बारे में बताया। उन्होंने हर छात्र के सवाल का जवाब देने की पूरी कोशिश की।
आविष्कार में हास्य कलाकारों ने खूब गुदगुदाया
सांस्कृतिक संध्या में छात्रों के बीच पहुंचे हास्य कलाकार शिवांकित सिंह परिहार ने अपने चिर परिचित अंदाज में छात्र-छात्राओं का मनोरंजन किया। उन्होंने यू-ट्यूब पर राजा रबीश कुमार के अपने किरदार के जरिए युवाओं को खूब गुदगुदाया। उनकी प्रस्तुति के दौरान छात्र-छात्राओं का खूब मनोरंजन हुआ। छोटे पर्दे पर अपने जिज्जि किरदार से दर्शकों पर छाप छोउ़ने वाले हास्य अभिनेता जसमीत सिंह भाटिया ने छात्र-छात्राओं को खूब हंसाया। इन दो हास्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से पूरे कार्यक्रम में जान डाल दी। आविष्कार में संस्थान के छात्रों के साथ दूसरे संस्थानों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही। आविष्कार के दौरान दर्शकों का उत्साह अपने आप में ही हर्षोल्लास की अप्रतिम कहानी कह रहा था।
दिनभर विभागों में चलते रहे तकनीकी कार्यक्रम
आविष्कार का शुभारंभ संस्थान के बहुउद्देश्यीय हॉल में संस्थान के निदेशक प्रो. राजीव त्रिपाठी और कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार प्रभु चावला ने किया। कार्यक्रम के उद्घाटन से पहले दिन में संस्थान के अलग-अलग विभागों में तकनीकी कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। विभागों में हुए कार्यक्रम में रसायंस के तहत क्विज आर्डियम के साथ निर्माण के तहत टेराक्विज का आयोजन किया गया। इससे पहले छात्रों ने चाणक्य नीति क्रीडोमेनिया तथा गुगली क्रिकेट जैसे हल्के-फुल्के मनोरंजक प्रतियोगिताओं में भी छात्रों ने हाथ आजमाया। कार्यक्रम में छात्र क्रिया कलाप केंद्र के अध्यक्ष प्रो. राजेश गुप्ता, संयोजक डॉ. वेंकेटेश्वर राव कोमा, समन्वयक डॉ. वीपी सिंह, डॉ. शशांक श्रीवास्तव, डॉ. वसंत कुमार, डॉ. डीके शुक्ल एवं विद्यार्थी आयोजन समिति का विशेष योगदान रहा।