prayagraj news : भाजपा से एमएलसी प्रत्याशी सुरेंद्र चौधरी।
- फोटो : prayagraj
मोबाइल छीना, कर्मचारियों को भी धुना
एक्सईएन का आरोप है कि एमएलसी ने जांच कराने, देख लेने की धमकी दी। इसके बाद शुक्रवार की दोपहर करीब दो बजे दो लोग टैगोर टाउन स्थित एक्सईएन के दफ्तर पहुंचे और उसी महिला का कनेक्शन जोड़ने की बात करने लगे। एक्सईएन का कहना था कि 2.50 लाख जुर्माना लगा है। एक लाख रुपये भी जमा करवा दीजिए, तो कनेक्शन जोड़ दिया जाएगा।
इस पर वह लोग बाहर चले गए। एक्सईएन की तहरीर के मुताबिक दो मिनट बाद ही एमएलसी सुरेंद्र अपने 15 समर्थकों के साथ उनके दफ्तर में यह पूछते हुए घुसे कि मनोज कौन ? गार्ड ने जैसे ही इशारा कर बताया, एमएलसी और उनके समर्थक अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कुर्सी से घसीटकर बाहर ले जाने लगे। इस दौरान एमएलसी ने उनका मोबाइल छीन लिया। साथ ही अधिशासी अभियंता पर लात-घूंसे बरसाते रहे।
कर्मचारियों ने विरोध किया तो उन्हें भी पीटने लगे। फिर दफ्तर में मौजूद महिला कर्मचारी दौड़कर कार्यालय के गेट पर पहुंच गईं और उन्होंने एक्सईएन को बचाने के लिए घेरा बना लिया। कुछ देर बाद जब पुलिस पहुंची तब जाकर एमएलसी और उनके समर्थकों के स्वर बदले। देर रात तक पुलिस एमएलसी का नाम तहरीर से निकालने के लिए एक्सईएन पर दबाव बनाती रही।
एमएलसी ने एक्सईएन के खिलाफ दी तहरीर, सीएम-डिप्टी सीएम को भी बताया
भाजपा एमएलसी सुरेंद्र चौधरी ने एक्सईएन मनोज कुमार अग्रवाल के खिलाफ जार्ज टाउन थाने में तहरीर दी। उन्होंने के साथ अभद्रता और मारपीट से इंकार किया है। साथ ही अफसर पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने का आरोप लगाया। एमएलसी ने दलित एमएलसी बताकर अपमानित करने का एक्सईएन पर आरोप लगाया।
उन्होंने बताया कि इस घटना की जानकारी मुख्यमंत्री के ओएसडी संजय प्रसाद के अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या और नगर विकास मंत्री अरविंद शर्मा के दफ्तर को भी दे दी गई है। भ्रष्ट एक्सईएन के खिलाफ शिकायतों की जांच कराने का आश्वासन मिला है।
एमएलसी ने अपनी तहरीर में कहा है कि रोज की भांति शुक्रवार को भी जन सुनवाई कर रहे थे। उसी दौरान एक फरियादी की समस्या को लेकर उन्होंने बिजली विभाग के जार्जटाउन डिवीजन के एक्सईएन मनोज कुमार अग्रवाल को कई बार फोन लगवाया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।
एमएलसी का आरोप, एक्सईएन ने किया अपमानित
एमएलसी के मुताबिक इसके बाद वह भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री सुनील पटेल, जिला पंचायत सदस्य अभिषेक यादव के साथ एक्सईएन के दफ्तर पहुंचे। वहां जब उन्होंने एक्सईएन से पूछा कि आप फोन क्यों नहीं उठा रहे हैं, तब उनका कहना था कि तुम जैसे बहुत दलित विधायक देखा है हमने।
मैं तुम जैसे दलितों को फोन उठाना उचित नहीं समझता। इसके बाद एक्सईएन अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए दफ्तर से तत्काल बाहर निकल जाने की धमकी देने लगे। इस दौरान एक्सईएन अपने कुछ कर्मचारियों के साथ हाथापाई पर उतारू हो गए।
एमएलसी ने अमर उजाला को बताया कि बृहस्पतिवार को भी शकीबा खातून के घर से बिजली विभाग के लोग छापामार कर बिजली का तार उठा ले गए थे। तब एक्सईएन को फोन कर तार वापस करने के लिए कहा था, लेकिन तब एक्सईएन ने कहा था कि एफआईआर हो गई है, इसमें कुछ नहीं किया जा सकता।
एक्सईएन पर 50 हजार रुपये मांगने का एमएलसी ने लगाया आरोप
एमएलसी सुरेंद्र चौधरी ने मेहंदौरी में बिजली चोरी के मामले को रफा-दफा कराने के लिए एक्सईएन मनोज कुमार अग्रवाल पर 50 हजार रुपये सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया है। एमएलसी के मुताबिक शकीबा और उसके पति ने शुक्रवार को उन्हें बताया कि इस मामले को निबटाने के लिए एक्सईएन उनसे मोटी रकम मांग रहे थे। न देने पर प्राथमिकी दर्ज करा दी।
क्या कहते हैं अधिकारी
एमएलसी और एक्सईएन के बीच विवाद पर दोनों तरफ से तहरीर मिली है। इस घटना से जुड़ी वीडियो फुटेज की रिकवरी कराई जा रही है। कुछ फुटेज प्राप्त हुए हैं। इस मामले की जांच कराई जा रही है। 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। - अजय कुमार, एसएसपी।