सैंजना गांव में तोड़ी गई प्रतिमाएं।
आक्रोशित ग्रामीणों को पुलिस ने कराया शांत, अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट
तनाव के चलते गांव में फोर्स तैनात, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मीरगंज। दीपावली पर माहौल खराब करने के लिए गांव सैजना में कुछ शरारती तत्वों ने एक मंदिर में देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को खंडित कर दिया, जिससे गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने खंडित मूर्तियों को पीलाखार नदी में विसर्जित कराकर एक ग्रामीण की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। तनाव के चलते गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है।
गांव सैजना में रहने वाले कल्यान के मुताबिक उन्हाेंने एक दशक पूर्व अपने खेत में मंदिर बनवाया था। दीपावली की रात कुछ शरारती तत्वों ने मंदिर में स्थापित देवी देवताओं की प्रतिमाओं को खंडित कर दिया। सुबह जब मंदिर के पुजारी जानकी प्रसाद वहां पहुंचे तो मामले की जानकारी हुई। सूचना पर प्रधान सोमपाल गंगवार और मीरगंज इंस्पेक्टर दयाशंकर टीम के साथ गांव पहुंचे। आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। इसके बाद खंडित मूर्तियों को गांव के पास पीलाखार नदी में विसर्जित करा दिया। गांव के जानकी प्रसाद की ओर से अज्ञात के खिलाफ दी तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। तनाव के मद्देनजर गांव में फोर्स तैनात कर दी गई। प्रधान सोमपाल गंगवार ने बताया कि गांव का माहौल बिगाड़ने के लिए किन्हीं शरारती तत्वों ने घटना का अंजाम दिया है। मीरगंज इंस्पेक्टर दयाशंकर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।