मामूली विवाद में अपने बड़े भाई अमरेंद्र सिंह को गोली मारने वाली इंस्पेक्टर सभापति सिंह की नाबालिग बेटी को नैनी पुलिस ने बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे बाल सुधार गृह बाराबंकी भेज दिया गया। देर शाम नैनी पुलिस की अभिरक्षा में किशोरी को बाराबंकी रवाना किया गया। दूसरी तरफ घायल किशोर का आपरेशन सफल हो गया है। उसकी हालत में सुधार हो रहा है।
गौरतलब है कि नैनी कोतवाली क्षेत्र के चक रघुनाथ मोहल्ला निवासी इंस्पेक्टर सभापति सिंह आजमगढ़ में कोरोना सेल प्रभारी हैं। 10 नवंबर की रात में हाईस्कूल में पढ़ने वाली उनकी नाबालिग बेटी ने बड़े भाई अमरेंद्र सिंह को पिस्टल से गोली मार दी थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने छानबीन के बाद एक घंटे में खुलासा कर लड़की को हिरासत में ले लिया था। इंस्पेक्टर पिता व मां ने तहरीर न देकर, भाई ने अनजान बनकर बहन को बचाने की बहुत कोशिश की लेकिन, इंस्पेक्टर जीतेंद्र सिंह ने खुद मुकदमा वादी बनते हुए किशोरी के खिलाफ 307 आईपीसी व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर बुधवार को गिरफ्तारी दिखा दी थी।