मिलिट्री इंटेलिजेंस, आईबी की टीम पहुंची थाने, की पूछताछ
मनौरी एयरफोर्स परिसर में पकड़े गए युवक का फिलहाल नहीं सामने आया पाक कनेक्शन
प्रयागराज। मनौरी एयरफोर्स परिसर में एक दिन पहले पकड़े गए शैलेंद्र सिंह उर्फ सतीश से पूछताछ करने मिलिट्री इंटेलिजेंस व आईबी की टीम सोमवार को पूरामुफ्ती थाने पहुंचीं। टीम ने उससे घंटों पूछताछ करने के साथ ही उसके मोबाइल की भी जांच की। पुलिस का कहना है कि फिलहाल उसका कोई पाकिस्तान कनेक्शन सामने नहीं आया है। व्हाट्सएप पर अश्लील वीडियो आने के मामले में इस बात की भी आशंका है कि उसे हनीट्रैप का शिकार बनाया जा रहा हो। फिलहाल उसे परिजनों केसुपुर्द कर दिया गया है।
एयरफोर्स मनौरी परिसर में प्रवेश करते वक्त की जाने वाली चेकिंग के दौरान वहीं रहने वाले शैलेंद्र को पकड़ा गया था। वह वायुसेना में ही कार्यरत फायरमैन भेदराज सिंह का बेटा है। दरअसल उसके मोबाइल में पाकिस्तान के एक नंबर से व्हाट्सएप पर अश्लील वीडियो आया था। जांच पड़ताल के बाद वायुसेना अधिकारियों ने उसे पुलिस को सौंप दिया था। सोमवार सुबह मिलिट्री इंटेलिजेंस के साथ ही आईबी और एलआईयू की टीम भी थाने पहुंची और एक-एक कर उससे घंटों पूछताछ की। इस दौरान उसके मोबाइल की भी जांच पड़ताल की गई। सूत्रों का कहना है कि पता चला कि उसके मोबाइल पर अश्लील वीडियो जिस ग्रुप से आया, वह पाकिस्तान का है। लेकिन इन नंबरों से किसी तरह की कॉल का ब्यौरा मोबाइल में नहीं मिला। जिसके बाद टीमें लौट गईं। पूरामुफ्ती एसओ उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी तरह का कोई सबूत नहीं मिलने पर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।