यीशू मसीह के जन्म के बाद प्रार्थना करते मसीही समाज के लोग।
- फोटो : अमर उजाला।
इसके बाद बिशप ने पल्ली पुरोहित स्टीवन मनोज, पादरी अनिल माइकल, पादरी जार्ज, केविल प्रधान, जोसेफ मस्करेहनस के साथ मिलकर मिस्सा बलिदान चढ़ाया। रात 12 बजे तक चर्च में आराधना होती रही। महिलाएं, बच्चे प्रार्थना में शामिल हुए। इस दौरान चर्च में जीवन की ज्योति के रूप में कैंडल लाइट जलाकर प्रार्थना की गई।
रंग-बिरंगी झालरों से सजे सीएनआई के लखनऊ डायोसिस के ऑल सेंट्स कैथ्रिडल (पत्थर गिरजाघर) में प्रभु यीशु के जन्म की मोहक झांकी सजाई गई। यहां लखनऊ डायोसिस के बिशप मॉरिस एडगर दॉन की मौजूदगी में रात 11:30 बजे मिडनाइट सर्विस हुई। बिशप ने बाल रूप में यीशु के जन्म पर मानवता, प्रेम, करुणा और दया भावना के साथ समाज को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
इसी तरह म्योराबाद स्थित सेंट पीटर्स चर्च के सामने ग्राउंड में शाम 7:30 बजे प्रभु यीशु के जन्म की खुशी मेंं जमकर आतिशबाजी हुई। कैरल सॉन्ग पर मसीही समाज के लोग झूमते रहे। इसके बाद पुरोहित प्रवीण मैसी ने रात करीब 11 बजे मिडनाइट सर्विस कराई। इस दौरान बोन फायर के बाद प्रेम, दया, करुणा का संदेश दिया गया। चर्च में मसीही समाज के सैकड़ों लोगों ने प्रार्थना में हिस्सा लिया। पीडी टंडन पार्क के सामने स्थित सेंट पॉल चर्च में पुरोहित सैमुएल पी लाल ने आधी रात को प्रभु यीशु के जन्म का संदेश दिया।
यीशू मसीह के जन्म के बाद प्रार्थना करते मसीही समाज के लोग।
- फोटो : अमर उजाला।
प्रभु यीशु जगत की ज्योति के रूप में हैं। यीशु का जन्म गरीब, दुखियों के उद्धार और अज्ञान को दूर करने के लिए हुआ है। इस शुभ घड़ी में हर व्यक्ति को अपने जीवन में प्रेम और दया का भाव पैदा करना चाहिए। - बिशप मॉरिस एडगर दॉन, बिशप-डायोसिस ऑफ लखनऊ
लाल गिरजा और कटरा चर्च में यशु के जन्म की सजी झांकी, कैरल सिंगिंग की धूम
कटरा चर्च में रविवार की रात बालक यीशु के जन्म के साथ ही मानवता-प्रेम की जीत के लिए विशेष आराधना की गई। रात 12 बजे मिडनाइट सर्विस के साथ ही पादरी मनीष जैदी ने जीवन की ज्योति के रूप में अवतरित हुए प्रभु यीशु से मानव को कष्टों से मुक्ति दिलाने के लिए आराधना की। इस दौरान बच्चों, महिलाओं ने चर्च परिसर में कैंडल के रूप में जीवन की ज्योति जलाई। कैरल सिंगिंग के साथ आराधना के गीत गूंजते रहे। इसी तरह लाल गिरजाघर में फादर अमिताभ रॉय ने प्रभु यीशु के जन्म का संदेश दिया। जमुना चर्च में भी यीशु के जन्म की भव्य झांकी सजाई गई और जन्मोत्सव मनाया गया।
क्रिसमस पर रोशनी से नहाया गिरजाघर।
- फोटो : अमर उजाला।
आज होंगी सामूहिक प्रार्थनाएं, सेंट जोसेफ चर्च में तीन दिन तक मेला
क्रिसमस पर्व पर सोमवार की सुबह शहर के गिरजाघरों में सामूहिक प्रार्थनाएं होंगी। इसके लिए भव्य तैयारियां की गई हैं। पुरोहितों ने मसीही समुदाय के लोगों से समय से चर्चों में प्रवेश की अपील की है। सेंट जोसेफ चर्च में प्रार्थना के साथ ही तीन दिन का मेला लगेगा। इसके अलावा सीएनआई के लखनऊ डायोसिस और अन्य गिरजाघरों में प्रभु यीशु के जन्मोत्सव पर सुबह प्रार्थनाएं होंगी। पत्थर गिरजाघर में भी मेला लगेगा।