नार्दन रेलवे मल्टी स्टेट प्राइमरी कोआपरेटिव बैंक लिमिटेड के चुनाव में एक बार फिर से मेंस यूनियन का डंका बजा है। बृहस्पतिवार को हुए मतदान के बाद बहुमत के लिए जरूरी 17 प्रतिनिधि मेंस यूनियन के निर्वाचित हो गए। घोषित 28 विजयी प्रत्याशियों में से 19 प्रतिनिधि मेंस यूनियन के ही रहे। लगातार दूसरी बार सफलता मिलने के बाद एनसीआरएमयू के पदाधिकारी जश्न में डूब गए। ढोल ताशे की थाप पर यूनियन पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जमकर थिरके। इस चुनाव में इंप्लाइज संघ और वर्कर्स यूनियन का भी खाता खुला।
कोआपरेटिव बैंक लिमिटेड के चुनाव का मतदान इलाहाबाद के अलावा चुनार, मिर्जापुर, फतेहुपर, कानपुर, इटावा, टूंडला, अलीगढ़, खुर्जा, हाथरस स्टेशन पर हुआ। इलाहाबाद डिवीजन से नार्थ सेंट्रल रेलवे वर्कर्स यूनियन (एनसीआरडब्ल्यूयू), नार्थ सेंट्रल रेलवे इंप्लाइज संघ (एनसीआरईएस), नार्थ सेंट्रल रेलवे मेंस यूनियन (एनसीआरएमयू), नार्थ सेंट्रल रेलवे कर्मचारी संघ (एनसीआरकेएस) के उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा। कोआपरेटिव बैंक के चेयरमैन एसएन ठाकुर ने बताया कि 34 में से 29 का परिणाम घोषित किया गया। इसमें से सर्वाधिक 19 प्रतिनिधि एनसीआरएमयू के रहे। उधर एनसीआरईएस का भी प्रदर्शन बेहतर रहा। उसके सात प्रतिनिधि निर्वाचित हुए, जबकि पहली बार चुनाव लड़ रही एनसीआरडब्ल्यूएम के तीन प्रतिनिधि चुने गए। वर्कर्स यूनियन के महामंत्री मनोज पांडेय ने बताया कि पोलिंग सभी स्टेशनों पर शांति पूर्ण ढंग से निपटी। उधर एनसीआरईएस के महामंत्री आरपी सिंह ने कहा कि पिछले चुनाव में उनके पास एक भी प्रतिनिधि नहीं थे। इस बार घोषित 29 में से सात एनसीआरईएस के प्रतिनिधि चुने गए हैं।
एनसीआरएमयू - चुनार-01, फतेहपुर-01, कानपुर-04, इलाहाबाद-05, टूंडला-04, खुर्जा-01, शिकोहाबाद-01, अलीगढ़-02
एनसीआरईएस : मिर्जापुर 01, कानपुर-05, इटावा-01
एनसीआरडब्ल्यूएस : इलाहाबाद 02, इटावा-01