हरिसेनगंज -पदक के साथ कुलदीप यादव
मऊआइमा विकास खंड के अलावलपुर गांव निवासी कुलदीप यादव ने बृहस्पतिवार को मंगलुरु में आयोजित आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पोल वॉल्ट में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए 5.10 मीटर ऊंची छलांग लगाकर गोल्ड मेडल हासिल किया।
कुलदीप यादव ने अपनी सफलता का श्रेय कोच घनश्याम यादव के साथ अपने माता-पिता को दिया। उनकी कामयाबी पर एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, पूर्व विधायक सत्यवीर मुन्ना, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुधीर मौर्या, प्रधान संघ अध्यक्ष तीरथ यादव, तारकेश्वर सिंह, जिला पंचायत सदस्य अंकेश पटेल आदि ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
कुलदीप के नाम दर्ज है कई खिताब
इससे पूर्व उन्होंने तेलंगाना में आयोजित इंडियन ओपन अंडर 23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5.20 मीटर ऊंची छलांग लगाकर गोल्ड मेडल हासिल किया था। उत्तराखंड में आयोजित नेशनल गेम में कांस्य पदक,बिहार के पाटिलपुत्र में आयोजित अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल, लखनऊ में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर अंडर- 20 फेडरेशन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल,भोपाल में आयोजित खेलो इंडिया प्रतियोगिता के पोल वॉल्ट में सिल्वर मेडल, कुवैत में संपन्न हुए एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में कांस्य पदक, यूथ नेशनल एथलेटिक चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल के अलावा कई अन्य प्रतियोगिताओं में पदक हासिल कर चुके है।