नव वर्ष के पहले दिन वंदे भारत, प्रयागराज समेत कई ट्रेनें लेट
कोहरे की वजह से दिल्ली रूट की ट्रेनें लगातार तीसरे दिन विलंब से पहुंची जंक्शन
प्रयागराज। नव वर्ष के पहले प्रयागराज जंक्शन आने वाली तमाम ट्रेनें विलंब से पहुंची। शनिवार की सुबह छाए कोहरे की वजह से लगातार तीसरे दिन प्रयागराज एक्सप्रेस समय से यहां नहीं पहुंच सकी। नई दिल्ली से आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस भी एक बजे के बाद ही यहां पहुंच सकी।
पिछले तीन दिन से पड़ रहे कोहरे की वजह से दिल्ली-हावड़ा रूट पर चलने वाली तमाम ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ गई है। वंदे भारत एक्सप्रेस की ही बात करें तो सुबह वह दिल्ली से समय पर चली, लेकिन कोहरे की वजह से प्रयागराज आते-आते यह ट्रेन घंटे भर लेट हो गई। वापसी में वाराणसी से भी आने में वंदे भारत तकरीबन 30 मिनट लेट रही। यही हाल दिल्ली से सुबह के समय आने वाली ट्रेनों का भी रहा। प्रयागराज एक्सप्रेस, आनंद विहार-रीवा, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, जयपुर-प्रयागराज सुपरफास्ट, शिवगंगा एक्सप्रेस, नई दिल्ली-बनारस एक्सप्रेस आदि ट्रेनें एक से दो घंटे तक लेट रहीं। इसके अलावा जयनगर जाने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस शनिवार को निरस्त रही। ट्रेनों के विलंब से पहुंचने की वजह से यात्रियों को परेशानी हुई।