अतीक अहमद एंड कंपनी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उसकी 16 कंपनियां चिह्नित की गई हैं जिसमें से कई बेनामी हैं। पुलिस अफसरों का कहना है कि इन कंपनियों में नाम तो किसी और का है लेकिन परोक्ष रूप से इनमें पैसा अतीक का लगा है। मामला करोड़ों रुपये का है, ऐसे में इनकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से कराने के लिए शासन को पत्र लिखा गया है।
विज्ञापन
अतीक व उसके गिरोह के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अतीक पहले से जेल में है और उसके सहयोगियों को भी सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है। दूसरी ओर एसएसपी अभिषेक दीक्षित व एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने जिले में आते ही पूर्व सांसद की अवैध रूप से बनाई गई संपत्तियों पर भी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस अफसरों के मुताबिक, इस दौरान महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी। पता चला कि ऐसी 16 कंपनियां हैं जिनमें प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से अतीक की भागीदारी है। इनमें से ज्यादातर कंपनियों का कारोबार रियल इस्टेट से संबंधित है। यह भी जानकारी मिली है कि इन कंपनियों का लेनदेन करोड़ों में है। ऐसे में इनकी जांच ईडी से कराने का निर्णय लिया गया है।
तीन पत्नी व पांच रिश्तेदारों के नाम, आठ बेनामी
अफसरों के मुताबिक, जिन 16 कंपनियों के बारे में पुलिस को जानकारी मिली है उनमें से तीन कंपनियां अतीक की पत्नी साइस्ता परवीन के नाम होने की जानकारी मिली है। जबकि पांच कंपनियां उसके रिश्तेदारों के नाम से रजिस्टर्ड हैं। आठ कंपनियां ऐसी हैं जिनके बारे में यह नहीं स्पष्ट हो सका है कि उनका मालिक कौन है। लेकिन यह जरूर सामने आया है कि परोक्ष रूप से इनमें अतीक का पैसा लगा हुआ है।
अतीक अहमद से संबंधित कुल 16 कंपनियों के बारे मेें पता चला है जिनमें प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से उसकी हिस्सेदारी है। इन सभी कंपनियों की आय, व्यय, फंडिंग व अन्य गतिविधियों की जांच प्रवर्तन निदेशालय से कराने के लिए शासन को पत्र लिखा गया है। अभिषेक दीक्षित, एसएसपी