इसके साथ ही लव जिहाद और धर्म परिवर्तन जैसे सनातन विरोधी कार्यों को रोकने के लिए प्रत्येक राज्य में एक-एक महामंडलेश्वर बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। अखाड़े के संस्थापक महामंडलेश्वर स्वामी आदित्यानंद गोल्ड गिरि ने बताया कि सनातन संस्कृति पर हमला रोकने के लिए 31 महामंडलेश्वर बनाए जाएंगे।
प्रत्येक राज्य में धर्म के प्रचार का काम करने के लिए सभी महामंडलेश्वरों को स्कार्पियो कार प्रदान की जाएगी। पंच दशनाम गुरुदत्त अखाड़े का लक्ष्य सिर्फ सनातन संस्कृति को कमजोर करने वाली ताकतों को रोकना है।
किसी अखाड़े या समाज के विरोध या अलग रहने जैसी बातें नव गठित अखाड़े की ओर से नहीं की जा सकतीं। उनका कहना था कि श्रीसंत गुरुदत्त अखाड़े का काम वंचित संतों को ताकत देना और सर्व समाज को एकजुट करना है।
पट्टाभिषेक समारोह में हिस्सा लेने संरक्षक चेतन गिरि पहुंचे
श्रीपंच दशनाम गुरुदत्त अखाड़े की ओर से 26 अक्तूबर को होने वाले पट्टाभिषेक समारोह में हिस्सा लेने के लिए संरक्षक चेतन गिरि मंगलवार को यहां पहुंच गए। उन्होंने तैयारियों का संतों के साथ जायजा लिया। संस्थापक महामंडलेश्वर आदित्यनंद गोल्ड गिरि 25 अक्तूबर को यहां पहुंचेंगे।