माघ मेले के लिए बुधवार से पांटून पुलों का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। निर्माण लोक निर्माण विभाग खंड चार की ओर से कार्यदायी संस्थाओं के जरिए कराया जा रहा है। निर्माण कार्य झूंसी की तरफ से शुरू किया गया है। मेला प्रशासन के निर्देश के मुताबिक सबसे पहले ओल्ड जीटी रोड और काली मार्ग पर पांटून पुल बनाए जाएंगे।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मेले में इस बार सात पांटून पुल बनाए जाने हैं। ओल्ड जीटी रोड का काम सबसे पहले शुरू किया गया है। काम की शुरूआत झूंसी की तरफ से हुई है। वहां बुधवार को 10 पांटून गिराए गए हैं। बृहस्पतिवार को काम में और तेजी आएगी। ओल्ड जीटी रोड और काली मार्ग पर पांटून पुल का काम साथ-साथ कराया जाएगा। बृहस्पतिवार से काली मार्ग के लिए पांटून गंगा में गिराए जाएंगे।
अभियंताओं के मुताबिक पांटून पुल के बनने के बाद ही मेला बसाने की प्रक्रिया में तेजी आएगी। इस बार गंगा में लगातार पानी बने रहने से मेले की तैयारी पिछड़ गई है। नवंबर समाप्त होने को है। पूर्व के वर्षों में अब तक पांटून पुलों का निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाता था लेकिन इस बार पूरे क्षेत्र में पानी देर तक जमे रहने से काम शुरू नहीं हो सका है। इसलिए टेंडर प्रक्रिया भी देर से पूरी हुई है।
मेला में पांच पांटून पुल रेलवे लाइन के उत्तर की ओर और दो पांटून पुल फाफामऊ में बनाए जाएंगे। इन दोनों पांटून पुलों का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद तीन अन्य पांटून पुलों का निर्माण होगा। उसके बाद फाफामऊ में दोनों पांटून पुल बनाए जाएंगे।