सुविधाओं के लिए जारी विवाद फिलहाल थमा
दो धड़े में बंटे आचार्यबाड़ा के संतों में भूमि सुविधाओं को लेकर विवाद फिलहाल थम गया है। रविवार को रामानुजनगर प्रबंध समिति आचार्यवाड़ा के उपाध्यक्ष श्रीधराचार्य, कोषाध्यक्ष घनश्यामाचार्य और महामंत्री अखिलेशाचार्य के अलावा दूसरे धड़े के अच्युत प्रपन्नाचार्य और कौशलेंद्र प्रपन्नाचार्य समेत अन्य संतों की मौजूदगी में आपस सहमति के आधार पर भूमि आवंटन आरंभ हुआ।
इससे पहले मेलाधिकारी को दिए ज्ञापन में घनश्यामाचार्य ने कहा था कि अच्युत प्रपन्नाचार्य और कौशल शुक्ल (कौशलेंद्र प्रपन्नाचार्य) ने रामानुज नगर प्रबंध समिति में वर्ष 2014 में विवाद खड़ा कर दिया था। सहायक रजिस्ट्रार चिट्स फंड ने इस विवाद का निबटारा वर्ष 2020 में चुनाव कराकर खत्म करा दिया। इसके बाद इन संतों ने अखिल भारतीय रामानुज वैष्णव समिति के नाम से अलग संस्था पंजीकृत करा ली।
आचार्यबाड़ा के संतों ने किया भूमि पूजन
संगम की रेती पर आचार्यबाड़ा के संतों ने निर्विघ्न माघ मेला कराने के लिए सविधि मंत्रोच्चार के साथ भूमि पूजन किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी मेला संत कुमार के अलावा कई अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। भूमि पूजन के साथ ही संतों ने अपने-अपने शिविरों की भूमि का समतलीकरण आरंभ करा दिया। अब शिविरों को बसाने का काम शुरू होगा।