प्रशासन के नए प्रयोग इस बार माघ मेले को नया कलेवर देते नजर आएंगे। जहां एक ओर हेलीकॉप्टर से सैर, मेले के कुछ हिस्से में मुफ्त वाई-फाई, मोबाइल और माइक्रो एटीएम जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी, वहीं सादगी और प्रदूषण मुक्त मेले के लिए पॉलीथिन प्रतिबंधित रहेगी। इसलिए आधुनिकता की दहलीज पर लोग कुल्हड़ में ही चाय की चुस्की लेते नजर आएंगे।
शनिवार को इलाहाबाद आए मुख्य सचिव राहुल भटनागर एवं शासन स्तर के अन्य अफसरों के समक्ष स्थानीय अफसरों ने पावर प्रेजेंटेशन के माध्यम से इस बारे में जानकारी दी। मुख्य सचिव ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण भी किया और अधूरी तैयारियों पर संतोष जताते हुए अफसरों को बाकी काम समय से पूरा करने के निर्देश दिए। कहा कि शासन ने मेले के लिए 33 करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। जरूरत पड़ी तो और पैसा दिया जाएगा।
नोटबंदी के कारण मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कत का सामना न करना पड़े, सो इस बार मेला क्षेत्र में जगह-जगह मोबाइल एटीएम और माइक्रो एटीएम लगाए जाएंगे। अफसरों ने मुख्य सचिव को बताया कि मेला क्षेत्र के कुछ हिस्से में मुफ्त वाईफाई की सुविधा भी होगी। साथ ही मेले में हॉट एयर बैलून और श्रद्धालुओं को मेला क्षेत्र की सैर कराने के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था भी की जा रही है। इस पर मुख्य सचिव ने अफसरों से कहा कि सुरक्षा के सभी मानकों पर सुनिश्चित होने के बाद ही इस व्यवस्था को लागू किया जाए।
मेला क्षेत्र में पॉलीथिन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी। चाय आदि के लिए कुल्हड़ का उपयोग किया जाएगा। कुल्हड़ों की कमी न हो, सो मेला क्षेत्र में कुम्हारों को भी जमीन आवंटित की गई है। पहली बार संगम पर भी मंच लगाकर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मेले में रिसेप्शन सेंटर भी होगा, जो श्रद्धालुओं की मदद करेगा। मुख्य सचिव को यह भी बताया गया कि माघ मेला का फेसबुक पेज लॉन्च कर दिया गया है। मुख्य सचिव की बैठक एवं निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव वन संजीव सरन, प्रमुख सचिव गृह देवाशीष पाण्डा, पुलिस महानिदेशक जावीद अहमद, सचिव नगर विकास एसपी सिंह, एमडी पावर कॉरपोरेशन एपी मिश्र, कमिश्नर राजन शुक्ला, आईजी डॉ. केएस प्रताप डीएम संजय कुमार आदि मौजूद रहे।
मुख्य सचिव ने बताया कि मेला क्षेत्र की निगरानी के लिए वायुसेना की मदद ली जाएगी। वायुसेना के हेलीकॉप्टर से मेले पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा ड्रोन कैमरों को इस्तेमाल किया जाएगा और जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
00
बेवजह ट्रैफिक से न हो छेड़छाड़
- मुख्य सचिव के समक्ष मुद्दा उठा कि कुंभ के दौरान रेलवे स्टेशन पर हुई दुर्घटना के बाद माघ मेले में भी इतनी अधिक सख्ती होने लगी है कि उससे शहर के लोगों को परेशान होना पड़ता है। श्रद्धालुओं को भी दिक्कत होती है। इस पर मुख्य सचिव ने कहा कि ट्रैफिक व्यवस्था प्लानिंग के तहत लागू की जाए। बेवजह ट्रैफिक से छेड़छाड़ न की जाए। आम आदमी को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
मेला क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने महंत नरेंद्र गिरि, सतुआ बाबा समेत कई साधु-संतों से मुलाकत की। उन्होंने साधु-संतों के साथ मेला की तैयारियों पर चर्चा की और उनकी समस्या भी सुनी। मुख्य सचिव ने अफसरों को समस्या का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि रेलवे, पुलिस एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम के सदस्यों की तैनाती करते हुए कंट्रोल रूम खोले जाएं ताकि श्रद्धालुओं को आवश्यकतानुसार जानकारी मिल सके और उन्हें असुविधा न हो। यह भी कहा कि रेल गाड़ियों के संचालन एवं अन्य जानकारी आम श्रद्धालुओं को मुहैया कराने के लिए टीवी स्क्रीन भी सार्वजनिक स्थानों पर लगाई जाए।