उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा (लोअर सबऑर्डिनेट) (सामान्य और विशेष) चयन प्रारंभिक परीक्षा-2015 का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया। कुल 635 पदों के लिए 12549 अभ्यर्थी सफल को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया है। इसमें 616 पद सामान्य तथा 19 विशेष चयन के हैं। मुख्य परीक्षा 24 अप्रैल को संभावित है।
आयोग की ओर से प्रारंभिक परीक्षा 17 जनवरी को हुई थी। इस तरह से एक महीने बाद ही परिणाम घोषित कर दिया गया। प्रारंभिक परीक्षा में 242545 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। कुल पंजीकृत अभ्यर्थियों की संख्या 489672 थी। मुख्य परीक्षा के आवेदन पत्र 25 फरवरी को आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे। उसी दिन प्रारंभिक परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के प्राप्तांक, श्रेणीवार कटऑफ आदि भी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। सचिव सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि इस संबंध में आरटीआई के अंतर्गत अलग से आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
लोक सेवा आयोग ने एक बार फिर बिना संशोधित उत्तर कुंजी जारी किए लोअर सबऑर्डिनेट प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। आयोग की ओर से प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्नपत्र की उत्तर कुंजी जारी कर अभ्यर्थियों से आपत्ति मांगी गई थी। आयोग में निर्णय हुआ है कि आपत्तियों के निस्तारण के बाद संशोधित उत्तर कुंजी जारी किया जाएगा। इसके बाद ही रिजल्ट घोषित किया जएगा। पीसीएस-2015 प्रारंभिक परीक्षा के रिजल्ट में आयोग के इस फैसल का पालन भी किया गया था लेकिन लोअर सबऑर्डिनेट-2015 प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम बिना संशोधित आंसर की के घोषित कर दिया गया है। इससे प्रतियोगियों में नाराजगी है।