ननिहाल में भाई-बहन के साथ विश्राम कर रहे भगवान जगन्नाथ शुक्रवार को स्वस्थ होंगे। 14 जुलाई को बाजेगाजे के साथ रथयात्रा निकलेगी। इसमें रथ के साथ संगमनगरी में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ेगा। भगवान जगन्नाथ श्वेत शृंगार के बाद 16 पहियों वाले रथ पर सवार होकर श्रद्धालुओं को दर्शन देने के लिए निकलेंगे। इस दौरान जीरो रोड से लेकर मालवीय नगर तक सड़कों की पटरियों पर लोग रथ के स्पर्श और भगवान के दर्शन के बहाने मेला लगेगा।
जीरो रोड स्थित आर्य भवन में विश्राम कर रहे भगवान जगन्नाथ 13 जुलाई को स्वस्थ होंगे। श्रीजगन्नाथ जी महोत्सव समिति की ओर से महोत्सव की तैयारी को लेकर मंगलवार को मालवीय नगर स्थित विद्या गौरी वाटिका में बैठक हुई। महोत्सव के संयोजक वसंत लाल आजाद ने बताया कि 14 जुलाई को सुबह 10 बजे आर्य भवन हाटकेश्वर मंदिर से भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ 16 पहियों वाले भव्य रथ पर सवार होंगे। इसके बाद प्रतिमाओं का शृंगार किया जाएगा। रंग-बिरंगी ध्वजा-पताकाओं के साथ राजाओं के स्वरूप, संतरी और भगवान गरुड़ की सवारी भी सजेगी। चांदी के रथों पर राधा-कृष्ण, भगवान विष्णु-लक्ष्मी की भी झांकियां निकाली जाएंगी। इस बार रथयात्रा के दौरान जयपुर के शिल्पकारों की ओर से तैयार आठ फीट ऊंची मेटल की गणेश प्रतिमा आकर्षण का केंद्र बनेगी। शोभायात्रा के दौरान सड़कों पर कथकली नृत्य भी होगा। बैठक में दुर्गा प्रसाद गुप्त, दाऊदयाल गुप्त, जयराम गुप्त, गगन दास, कृष्ण भगवान केशरवानी, रवींद्र जायसवाल, महेश स्वर्णकार, इंद्राणी मालवीय, प्रीति रावत, उमा गुप्ता, रजत कसेरा, सतीश, धर्मेंद्र केशरवानी समेत तमाम लोग उपस्थित थे।
चार दिवसीय रथयात्रा महोत्सव बुधवार को आरंभ होगा। 11 जुलाई को भगवान बद्री विशाल की शोभा यात्रा जगन्नाथ मंदिर कीडगंज से शाम पांच बजे निकाली जाएगी। कीडगंज, त्रिवेणी मार्ग और शंकर लाल भार्गव से होते हुए रात आठ बजे मंदिर परिसर पहुंचेगी। 12 जुलाई को भगवान रामचंद्र की और 13 जुलाई को भगवान द्वारिका नाथ की यात्रा निकाली जाएगी। जगन्नाथ स्वामी रथ यात्रा समिति कीडगंज के तत्वावधान में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा कीडगंज से 14 जुलाई को त्रिवेणी मार्ग, कीडगंज स्थित मंदिर से दिन में 10 बजे निकाली जाएगी। कीडगंज त्रिवेणी मार्ग, शंकर लाल भार्गव मार्ग, मुट्ठीगंज, रामभवन, बहादुरगंज, चौक, मानसरोवर, कोठा पारचा से होते शाम सात बजे पुन: मंदिर पहुंचकर विराम लेगी।
समिति के महामंत्री डॉ महेंद्र तिवारी ने बताया कि महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।