आलू और सरसों की बोआई के समय किसान खाद के संकट से जूझ रहे हैं। उन्हें घंटों कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। साधन सहकारी समितियों के सचिव राज्य कर्मचारी का दर्जा, वेतन वृद्धि व अन्य मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी हड़ताल पर हैं। इसके चलते फूलपुर क्षेत्र की आठ समितियों पर ताला लटका है। बृहस्पतिवार को डेढ़ हजार से अधिक किसान फूलपुर स्थित इफको किसान सेवा केंद्र खाद लेने पहुंचे। खाद न मिलने से उन्हें बोआई पिछड़ने का डर सता रहा है। किसान मेवालाल गुप्ता, विजय बहादुर यादव, अन्नू पटेल, राम अधार, मठल्लू, राजकुमार गुड्डू और विनोद यादव ने बताया कि खेती की तैयारी में पहले ही काफी खर्च हो चुका है। अब बोआई के समय खाद के लिए भटकना पड़ रहा है।
समितियों पर ताले, अब इफको केंद्र से ही आस
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि हड़ताल खत्म होने तक इफको किसान सेवा केंद्र पर नियमित रूप से डीएपी का वितरण कराया जाए। केंद्र पर अतिरिक्त खाद भी भेजी जाए, ताकि लंबी कतारों में लगने और घंटों इंतजार करने की मजबूरी कम हो।
बुधवार रात डीएपी की दूसरी खेप पहुंची थी। बृहस्पतिवार को दिनभर में करीब 350 किसानों को एक हजार बोरी डीएपी वितरित की गई। सोमवार को खाद आने की उम्मीद है।
अमन सिंह, प्रभारी इफको किसान सेवा केंद्र फूलपुर।