चंडीगढ़ कोर्ट, हाईकोर्ट, अदालत, न्यायालय
- फोटो : file photo
इलाहाबाद उच्च न्यायालय के दो वकीलों ने सुप्रीम कोर्ट की कंप्यूटर कमेटी के चेयरमैन जस्टिस डॉ. डी वाई चंद्रचूड को पत्र लिखा है और उनसे इलाहाबाद हाईकोर्ट में मुकदमों की सुनवाई खुली अदालत में कराने और मुकदमों का दाखिला मैनुअली करने के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। अधिवक्ता विजय चंद्र श्रीवास्तव एवं सुनीता शर्मा ने जस्टिस चंद्रचूड को भेजे पत्र में पत्र कहा है कि हाईकोर्ट में इस समय कुछ ही न्यायपीठें अति आवश्यक मुकदमों की ही सुनवाई कर रही हैं। भारी संख्या में महीनों पहले दाखिल मुकदमे सुनवाई का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने लिखा कि यहां मुकदमों का ई-फाइलिंग से दाखिला और वर्चुअल सुनवाई बिल्कुल सफल नहीं है। कई कई बार कंप्यूटर का लिंक ही नहीं मिल पाता है। इससे अधिवक्ता एवं वादकारियों को अत्यंत कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने पूरे राज्य से कोरोना कर्फ्यू हटा लिया है। दुकानें व ऑफिस खुल गए हैं।