रसूलाबाद घाट पर नगर निगम के नाम पर हो रही अवैध वसूली रोकने की मांग करते पार्षद।
- फोटो : prayagraj
रसूलाबाद घाट पर मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए पंजीकरण शुल्क के नाम पर की जा रही दो सौ रुपये की वसूली का मुद्दा बुधवार को नगर निगम सदन की बैठक में छाया रहा। पार्षदों की मांग पर महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने अवैध वसूली रोकने और ऐसा करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। सदन ने इस निर्णय पर सहमति जताई तो जोनल अधिकारी को कार्रवाई के लिए कहा गया।
पार्षदों ने कहा कि रसूलाबाद घाट पर अंत्येष्टि कराने के लिए जाने वालों से शवदाह के बाद लकड़ी आदि सामान का भुगतान लेते समय नगर निगम मेेेें मृत्यु प्रमाणपत्र के नाम पर दो सौ रुपये लेकर एक पर्ची दी जा रही है। आम लोगों को छोड़िए पार्षद रोहित मालवीय के परिजनों से भी दो सौ रुपये लिए गए। सदन में इस मुद्दे पर हो रही चर्चा के दौरान महापौर ने अफसरों से जानकारी चाही तो बताया गया कि नगर निगम सफाई, सैनिटाइजेशन कराता है।
जलकल विभाग पानी उपलब्ध करा रहा है, लेकिन पंजीकरण शुल्क वसूली पर अफसरों ने अनभिज्ञता जताई। मामले को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने नगर आयुक्त को कार्रवाई के निर्देश दिए। सदन ने वसूली करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की तो जोनल अधिकारी को इसके लिए निर्देशित किया गया।