कुंभ के प्रमुख स्नान पर्व पर सोमवार को ठंड और हार्ट अटैक से दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। मेला के केंद्रीय अस्पताल में ले जाए गए मरीजों का परीक्षण कर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। किसी के शरीर पर जाहिरा चोट या कोई संदेह के निशान नहीं पाए जाने पर औपचारिकताए पूरी कर शव परिजनों को सुपुर्द किए गए। वहीं चोट लगने से घायल हुए ३६ लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
कुंभ के केंद्रीय अस्पताल में सोमवार को सुबह दमोह निवासी एक महिला को उसके परिजन लेकर पहुंचे। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसी तरह चित्रकूट की महिला भी अस्पताल जान जाने के बाद लाई गई। गोरखपुर और बस्ती के रहने वाले दो लोगों की जान हार्टअटैक से चली गई। दोनों लोगों को परिजन कुंभ के केंद्रीय अस्पताल लाया गया लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
वहीं केंद्रीय अस्पताल में मौनी स्नान के दौरान कुल ३६ लोग घायल अवस्था में लाए गए। एंबुलेंस से लाए गए अधिकांश मरीज भीड़ में गिरने, चकर्ड प्लेट में पैर फंसने से चोटिल हुए थे। गनीमत रही की किसी को फैक्चर नहीं हुआ। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद दवा देकर भेजा गया।