इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद से जुड़े मुकदमे में यदुवंशी/यादव/जादौन महासभा को सहवादी बनाने की मांग खारिज कर दी है। कोर्ट ने कहा कि वर्तमान मुकदमे में यह तय करना मुद्दा नहीं है कि यदुवंशी, यादव या जादौन समुदाय भगवान श्रीकृष्ण के वंशज हैं या नहीं। न्यायमूर्ति अवनीश सक्सेना ने भगवान श्रीकृष्ण विराजमान की ओर से मनीष यादव के माध्यम से दाखिल मूल वाद संख्या 2/2023 में यह आदेश दिया।
महासभा ने अपने अध्यक्ष महावीर सिंह यदुवंशी के माध्यम से मुकदमे में वादी के रूप में शामिल किए जाने की अर्जी दी थी। महासभा का दावा था कि भगवान श्रीकृष्ण यदुवंशी थे और वे उनके वंशज हैं। इसलिए उन्हें मुकदमे में पक्षकार बनाया जाना चाहिए।
अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि वादी मुकदमे का स्वामी होता है। किसी व्यक्ति को पक्षकार बनाने के लिए यह जरूरी है कि वह आवश्यक या उचित पक्षकार हो। आवश्यक पक्षकार वह है, जिसके बिना प्रभावी आदेश पारित नहीं किया जा सकता।
वहीं, उचित पक्षकार की मौजूदगी विवाद का पूर्ण और प्रभावी निस्तारण करने के लिए जरूरी होती है। आवेदक यह स्पष्ट नहीं कर सके कि उनके बिना मुकदमे में शामिल विवादित मुद्दों का फैसला क्यों नहीं हो सकता। लिहाजा महासभा को न तो आवश्यक और न ही उचित पक्षकार माना जा सकता है। इसी आधार पर अदालत ने सहवादी बनाने की अर्जी खारिज कर दी।