इलाहाबाद हाईकोर्ट ने देवरिया जिले के चकबंदी विवाद में फर्जी समझौते के आधार पर भूमि में आधा हिस्सा दिए जाने के आरोप को अस्वीकार करते हुए याची झब्बू राय की याचिका निरस्त कर दी है। कोर्ट ने चकबंदी अधिकारी, सहायक बंदोबस्त अधिकारी और उप संचालक चकबंदी के आदेशों को बरकरार रखा है। यह आदेश न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी ने दिया।
मामला उत्तर प्रदेश चकबंदी अधिनियम, 1953 की धारा 9(2) के तहत दाखिल आपत्तियों से संबंधित था। विपक्षियों ने विवादित भूमि में आधे हिस्से पर अपना दावा किया था। इसे आपसी समझौते के आधार पर स्वीकार कर लिया गया था। याची झब्बू राय ने समझौते को फर्जी बताते हुए कहा था कि उस पर उसके हस्ताक्षर नहीं हैं। हालांकि, चकबंदी विभाग के तीनों स्तरों पर उसे राहत नहीं मिली।
हाईकोर्ट ने पाया कि समझौते के हस्ताक्षरों को लेकर विशेषज्ञों की दो रिपोर्टें परस्पर विरोधी थीं। ऐसे में पुनरीक्षण अधिकारी ने दोनों रिपोर्टों को अस्वीकार कर उचित निर्णय लिया। समझौते पर अमल भी हो चुका था और दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं ने हस्ताक्षरों की पहचान की थी। इसके अलावा, समझौते के अन्य पक्षकारों ने भी इसे चुनौती नहीं दी थी। कोर्ट ने कहा कि जालसाजी साबित करने का दायित्व याची पर था लेकिन वह इसे साबित करने में विफल रहा। इसी के साथ कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी।