निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी बूथों की रिकार्डिंग
इस बार निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी बूथों पर मतदान प्रक्रिया की रिकार्डिंग कराई जा रही है। केपी ट्रस्ट कार्यालय परिसर में चुनाव अधिकारी सेवानिवृत्त आईपीएस अफसर प्रमोद कुमार सक्सेना ने बताया कि मतदाता रंजीत सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास बने गेट से ही केपी ग्राउंड में स्थित बूथों पर प्रवेश कर सकेंगे।
बिना पहचान पत्र के नहीं मिलेगा बूथों पर प्रवेश, पांच हेल्प डेस्क बनाई गई
केपी ट्रस्ट के सभी मतदाताओं को ट्रस्ट की ओर से पहचान पत्र जारी किया गया है। बिना पहचान पत्र के कोई भी मतदान स्थल पर प्रवेश नहीं कर पा रहा है। जिन मतदाताओं के पास पहचान पत्र नहीं है वह हेल्पलाइन की मदद से पर्ची बनवा रहे हैं।
मतदान के लिए आधार कार्ड दिखाना अनिवार्य
मतदान के लिए आधार कार्ड साथ रखना अनिवार्य किया गया है। जिनके पास आधार कार्ड नहीं होगा, उन्हें मतदाता पहचान पत्र, पेन कार्ड, पासपोर्ट दिखाना होगा। इसके बिना कोई भी मतदाता मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सकेगा।
पहली बार पार्किंग की सुविधा
पहली बार मतदान स्थल के पास केपी ग्राउंड में ही पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसमें 20 रुपये पार्किंग शुल्क अदा करने के बाद गाड़ियों की पार्किंग होगी। इससे पहले मतदान स्थल से दूर गाड़ियों को रोक दिया जाता था।