Prayagraj News : एमएनएनआईटी में प्रदर्शनी का अवलोकन करते डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य।
- फोटो : अमर उजाला।
बतौर मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अब देश के प्रधानमंत्री देश के वैज्ञानिकों का हौसला बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। हमारे देश के वैज्ञानिकों ने विज्ञान की दुनिया में और अंतरिक्ष की दुनिया में भारत की शक्ति को बढ़ाया है। आज भारत विज्ञान के क्षेत्र में दुनिया के शक्तिशाली देशों के समक्ष खड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि मेघनाद साहा एक ऐसे भारतीय वैज्ञानिक थे, जिन्होने तारे के अंदर की बात बताई।
साथ ही उन्होंने अपने साहा समीकरण के माध्यम से तारों में भौतिक और रसायनिक स्थिति की व्याख्या की। युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि गुरूजनों ने जो भी बातें बताईं हैं, उस पर अमल करते हुए आगे बढ़े और देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाएं। विशिष्ट अतिथि पद्मश्री और आईआईटी कानपुर में रसायन शास्त्र के प्रो. वीके सिंह ने कहा कि शोध का विषय वर्तमान परिस्थिति के अनुरूप होना चाहिए, अन्यथा उस शोध का कोई महत्व नहीं रह जाता। एमएनएनआईटी के निदेशक प्रो. आरएस वर्मा ने कहा कि बच्चों को उनकी रूचि के अनुसार काम करने देना चाहिए। माता-पिता का कर्तव्य बच्चों को अनुशासित बनाना होना चाहिए, न कि उन्हें यह बताना कि उन्हें क्या पढ़ना है, किस दिशा में आगे जाना है।
Prayagraj News : एमएनएनआईटी में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को स्मृति चिन्ह भेट किया गया।
- फोटो : अमर उजाला।
इससे पूर्व डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, प्रो. वीके सिंह, विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री प्रवीण रामदास ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की और प्रो. एमएन साहा पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। डॉ. अखिलेश तिवारी ने डिप्टी सीएम और डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने प्रो. वीके सिंह को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में ट्रिपलआईटी से प्रो. नीतेश पुरोहित, डॉ. सतीश कुमार सिंह, विज्ञान भारती से काशी प्रांत के संगठन मंत्री श्रेयांश मंडलोई, इविवि से प्रो. अनुपम दीक्षित, एमएनएनआईटी से संयोजक डॉ. अनिमेष ओझा, प्रो. आरपी तिवारी, डॉ. अनुभव रावत, डॉ. रमेश पांडेय , विकास श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। संचालन प्रभाकर त्रिपाठी ने किया।