Prayagraj News : मेयर के प्रत्याशियों के साथ बैठक करते डिप्टी सीएम केशव प्रसाद।
- फोटो : अमर उजाला
निकाय चुनाव में भाजपा से गणेश केसरवानी को टिकट देने केे बाद पार्टी अब टिकट के लिए आवेदन करने वाले अन्य नेताओं के गिले शिकवे दूर करने में जुट गई है। प्रयागराज में इसकी कमान खुद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने संभाली है। रविवार को उन्होंने सांसद फूलपुर केशरी देवी पटेल के आवास पर मेयर का टिकट आवेदन करने वाले तमाम भाजपा नेताओं से मुलाकात की। सभी को यह भी समझाने का प्रयास किया गया भाजपा हम कार्यकर्ताओं की मां है। मां का जो निर्णय होता है उसे हर समर्पित कार्यकर्ता स्वीकार करता है।
सांसद के आवास विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी आदि नेताओं की मौजूदगी में केशव मेयर टिकट के लिए आवेदन करने वाले तकरीबन दो दर्जन नेताओं से मिले। उन्होंने सभी की बातें सुनीं। उसके बाद उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्णय का स्वागत करना हर कार्यकर्ता का धर्म होता है। कहा कि प्रयागराज में गणेश केसरवानी का टिकट फाइनल हो जाने के बाद तमाम टिकट के दावेदारों ने उनके चुनाव प्रचार में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
इस दौरान डिप्टी सीएम ने आवेदन करने वाले सभी नेताओं को पांच-पांच वार्ड की कमान संभालने का सुझाव दिया। इसे आवेदकों ने स्वीकार भी किया। मेयर टिकट के लिए आवेदन करने वाले भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य डा एलएस ओझा ने कहा कि पार्टी उनकी मां की तरह है। मां को जो भी आदेश होगा उसका पालन जरूर किया जाएगा।
इस अवसर पर महापौर के अन्य आवेदकों में शामिल पूर्व विधायक दीपक पटेल, राकेश शुक्ला, चौधरी राघवेंद्र नाथ, अवधेश चंद्र गुप्ता, पवन श्रीवास्तव, डा. सुशील सिन्हा, विवेक जायसवाल, कुमार नारायण, पदुम जायसवाल, कृष्ण मोहन गुप्ता, कविता यादव त्रिपाठी, प्रभा शंकर पांडेय, मुरारी लाल पांडेय, आनंद श्रीवास्तव, विक्रमाजीत भदौरिया, विक्रम सिंह पटेल, नागेंद्र सिंह, आशुतोष पांडेय, कमलेश कुमार, राजेंद्र मिश्र, अर्चना शुक्ला, आशुतोष पांडेय आदि मौजूद रहे।