prayagraj news : चायल के भाजपा विधायक संजय गुप्ता।
- फोटो : prayagraj
ट्रांसफर के नाम पर जेई से रकम लेकर विधायक से सिफारिश करना एक युवक को भारी पड़ गया। विधायक ने आरोपी युवक के खिलाफ कोखराज कोतवाली में ब्लैकमेलिंग की एफआईआर दर्ज कराई है। युवक पर विधायक के खिलाफ सोशल मीडिया में भ्रामक खबरें वायरल करने का भी आरोप है।
चायल विधायक संजय कुमार गुप्ता ने कोखराज पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि अमरनाथ झा नाम का व्यक्ति अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों पर दबाव बनाकर ब्लैकमेलिंग करने का कार्य करता है। आरोप लगाया कि अमरनाथ झा ने पिछले दिनों पीडब्ल्यूडी विभाग में तैनात जेई से मोटी रकम लेकर उनसे तबादला कराने की सिफारिश की। इसकी भनक लगने पर विधायक ने जेई का तबादला कराने से इनकार कर दिया।
इसके बाद से आरोपी विधायक से नाराजगी रखने लगा। इसी खुन्नस के चलते अमरनाथ ने उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अनैतिक और भ्रामक खबरें वायरल करना शुरू कर दिया। विधायक की तहरीर पर कोखराज पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।