कानपुर में व्यापारी दोस्त की पत्नी से दुष्कर्म के आरोपी कर्नल नीरज गहलोत की तलाश जिले में भी शुरू हो गई है। कानपुर पुलिस ने इसके लिए जिले की पुलिस से संपर्क साधा है। पुलिस उसके घर के साथ ही रिश्तेदारों का भी पता लगा रही है।
कानपुर के कैंट स्थित सीओडी में तैनात कर्नल नीरज पर आरोप है कि उसने प्रमोशन के लिए आयोजित पार्टी में लखनउऊ से आए दोस्त की रूसी पत्नी से दुष्कर्म किया। शुक्रवार रात हुई वारदात के अगले दिन से वह फरार है। जांच के दौरान कर्नल के देा घरों के बारे में पुलिस को पता चला। जिनमें से एक प्रयागराज में है। इसके बाद कानपुर पुलिस ने जिले की पुलिस से संपर्क साधा।
पुलिस को बताया गया है कि कर्नल की पत्नी व दो बेटियां यहां रहती हैं। जबकि उसका एक घर लखनऊ में जेके आशियाना में है। उसके पिता भी सेना में कर्नल रह चुके हैं। यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जिले में भी उसकी तलाश शुरू कर दी है। शहर में कैंट व शिवकुटी थाना क्षेत्र में कर्नल के बारे में पता लगाया जा रहा है। सैन्य अफसरों से भी संपर्क साधकर उसके बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है। हालांकि पुलिस अफसर इस बारे में कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं।