prayagraj news : जीत के बाद प्रमाण पत्र के साथ जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की माधुरी पटेल।
- फोटो : prayagraj
जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए शनिवार को हुए चुनाव में प्रतापगढ़ में भाजपा को करारा झटका लगा है। यहां राजाभैया की पार्टी की प्रत्याशी माधुरी ने जीत का परचम फहराया, जबकि कौशाम्बी में कमला सोनकर जिला पंचायत की मुखिया बनीं। प्रतापगढ़ में मतदान के दौरान भाजपा नेताओं ने पुलिस अफसरों के साथ हाथापाई की, इनमें एक सीओ का बिल्ला नोंच लिया गया।
प्रतापगढ़ में पूर्व मंत्री और कुंडा के बाहुबली विधायक राजाभैया की पार्टी जनसत्ता दल की माधुरी पटेल ने जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर कब्जा जमाया। माधुरी पटेल को 40, सपा की अमरावती को 6 व भाजपा की क्षमा सिंह को तीन मत मिले, जबकि दो मत अवैध घोषित किए गए। भाजपा नेताओं ने जिला प्रशासन व पुलिस पर जनसत्ता दल के प्रत्याशी की मदद का आरोप लगाते हुए बवाल किया। उन्होंने एएसपी पूर्वी सुरेंद्र प्रसाद द्विवेदी, सीओ सिटी अभय पांडेय, सीओ रानीगंज अतुल अंजान त्रिपाठी से धक्कामुक्की की। इस दौरान सीओ अभय पांडेय का बिल्ला नोंच लिया गया।