करनाईपुर क्षेत्र के तेजपुर गांव में घरों तक नहीं पहुंचा टोटी का पानी
बहरिया क्षेत्र के तेजपुर गांव में जल जीवन मिशन के तहत लगभग दो करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से पानी की टंकी का निर्माण कराया गया, लेकिन योजना का लाभ अभी तक गांव के सभी लोगों को नहीं मिल सका है। कई घरों तक जलापूर्ति शुरू न होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीण राजकुमार यादव, कमलेश कुमार और सुरेश कुमार ने बताया कि सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर जल योजना के अंतर्गत गांव में कार्य तो कराया गया, लेकिन अभी तक गांव के लोग योजना के लाभ से वंचित हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सभी घरों तक पानी की आपूर्ति शुरू कराई जाए, पाइपलाइन लीकेज दूर की जाए तथा क्षतिग्रस्त रास्तों की मरम्मत कराकर योजना का लाभ प्रत्येक घर तक पहुंचाया जाए।
ग्रामीणों के अनुसार हर घर जल योजना के तहत गांव में पाइपलाइन बिछाई गई तथा कई घरों में नल की टोटियां भी लगा दी गई हैं, लेकिन नियमित जलापूर्ति अब तक शुरू नहीं हो सकी है। लगभग 500 घरों में आज भी पानी की सप्लाई शुरू नहीं हुई है। इसके कारण लोगों को पेयजल के लिए हैंडपंप और अन्य पुराने साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।