रामायण सर्किट की तर्ज पर इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आईआरसीटीसी) स्वदेश दर्शन ट्रेन के यात्रियों को भी किश्तों पर टिकट देगा। आईआरसीटीसी ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आने वाले समय में यात्री स्वदेश दर्शन ट्रेन का टिकट भी तीन से 24 माह की किश्तों वाले ईएमआई पर ले सकेंगे। इसके लिए आईआरसीटीसी से कुछ बैंक भी संपर्क में हैं।
आईआरसीटीसी ने अभी हाल ही में रामायण सर्किट ट्रेन चलाने का एलान किया था। यह ट्रेन 21 जून 2022 को चलेगी। पहली बार इस ट्रेन में आईआरसीटीसी ने इस टूर की बुकिंग प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए पेटीएम एवं कुछ अन्य पेमेंट गेटवे संस्थाओं से करार किया है। ताकि टूर की राशि का भुगतान आसान किश्तों में भी किया जा सके। भुगतान के लिए कुल राशि को 3, 6, 9, 12, 18 व 24 महीनों की किश्तों में पूरा किया जा सकेगा।