गुजरात ने 3.20 करोड़ में खरीदा था
आईपीएल की नीलामी में गुजरात टाइटंस की टीम ने यश दयाल को 3.20 करोड़ रुपये में टीम के साथ जोड़ा था। जबकि यश दयाल का बेस प्राइस महज 20 लाख रुपये ही था। उनको खरीदने के लिए कई टीमों ने अपनी रुचि दिखाई थी।
यश दयाल पर भरोसा जताते हुए आशीष नेहरा ने जब 14 अप्रैल को राजस्थान रायल्स के खिलाफ प्लेइंग इलेवन में जोड़ा तो यश ने अपने पहले ही मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 40 रन देकर तीन विकेट चटकाए। तब से लगातार वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा रहे।
यश ने आईपीएल में लिए 11 विकेट
यश ने आइपीएल-2022 में कुल नौ मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने कुल 31 ओवर फेंके और 296 रन देकर 11 विकेट चटकाए। यश ने अपनी लाइन और लेंथ से कई बड़े नामचीन क्रिकेटरों को प्रभावित किया है। आशीष नेहरा, मोहम्मद शमी , हार्दिक पांडेय और दिनेश कार्तिक ने कई मौके पर यश की तारीफ की है।
यश के परिवार वाले बोले, बेटे के प्रदर्शन पर है गर्व
फाइनल मैच देखने अहमदाबाद पहुंचे यश दयाल के पिता चंद्रपाल दयाल, मां राधा दयाल, बहन शुचि दयाल और भांजी वर्षा सिंह ने मैच के बाद फोन पर बातचीत कर खुशी जताई और कहा कि यश को संगमनगरी की दुआओं ने यहां तक पहुंचाया है। यश के पिता ने कहा कि उनको अपने बेटे पर गर्व है। उसने शानदार प्रदर्शन से उनका सीना चौड़ा कर दिया। वहीं यश के बचपन के कोच कौशिक पाल ने कहा कि वह कितने खुश हैं यह बताने के लिए उनके पास शब्द ही नहीं है।