prayagraj news : झाड़फूंक के नाम पर युवती की बाल पकड़कर पिटाई करता तांत्रिक।
- फोटो : prayagraj
दारागंज स्थित संगम तट पर झाड़फूंक का मामला रविवार को फिर सामने आया। दो समूह में पहुंचे लोग तंत्र-मंत्र के नाम पर महिलाओं से अमानवीयता करते मिले। सूचना पर पुलिस पहुंची और 30 लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
घटना सुबह 8.30 बजे के करीब हुई। महोबा केचरखारी और एमपी के छतरपुर से 30 लोगों के दो अलग-अलग समूह संगम तट पर पहुंचे थे। इनमें से छह महिलाएं थीं। कुछ देर बाद समूह में शामिल कुछ पुरुषों ने महिलाओं के बाल पकड़कर तंत्र-मंत्र शुरू कर दिया। जिसे देखकर वहां तमाशबीनों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान सूचना मिली तो पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि महिलाओं के साथ उनके परिजन भी आए हैं।
उनका कहना था कि भूतप्रेत का साया हटवाने के लिए वह अपने घरों की महिलाओं को लेकर आए हैं। इस पर पुलिस सभी को हिरासत में लेकर थाने ले गई और उनका शांतिभंग में चालान कर दिया। दारागंज पुलिस ने बताया कि झाड़फूंक करने वाला व्यक्ति गजराज अहिरवार था। सभी का शांतिभंग में चालान किया गया है।
छतरपुर का ही था परिवार, पुलिस जाएगी तलाश में
उधर कुछ दिनों पहले संगम तट पर झाड़फूंक करने के मामले में जांच के दौरान पता चला है कि आरोपी परिवार भी एमपी केछतरपुर का रहने वाला है। जानकारी मिली है कि सभी ईशानगर थाना स्थित बांदी गांव के रहने वाले हैं। जल्द ही उनकी तलाश में एक टीम वहां भेजी जाएगी।