लालापुर थाना क्षेत्र के नगरवार गांव में शनिवार को खेत में पानी लगाने के विवाद को लेकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की सूचना पर एसपी यमुनापार के साथ सीओ बारा व कई थानों की फोर्स मौके पर पहुुंची। पुलिस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विवाद में पहले दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी, जिसमें कई लोग घायल है।
नगरवार गांव निवासी राकेश पाल शनिवार को अपने खेत पानी लगाने गया था। इसी बीच गांव के पूर्व प्रधान का पुत्र अरूण पाठक अपने भाइयों के साथ वहां पहुंचा और राकेश को पानी लगाने से मना करने लगा। जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर राकेश ने वर्तमान प्रधान पति मुकेश तिवारी व परिजनों को बुला लिया। दोनों पक्ष मामले को लेकर पंचायत कर रहे थे। इसी बीच दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और गाली गलौच होने लगी।
पूर्व प्रधान पक्ष के दर्जनों लोगों ने वर्तमान प्रधान पति मुकेश तिवारी को घेरकर उनकी पिस्टल और रायफल छीन ली औऱ लाठी डंडे से उसे पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद प्रधान पति मुकेश ने अपने चचेरे भाई के साले अमित उर्फ कल्लू तिवारी निवासी बिरवल थाना घूरपुर को भी बुला लिया। मौके पर पहुंचे कल्लू तिवारी ने अपने जीजा को पिटता देख विपक्षियों को ललकारा तो विपक्षी फायरिंग करने लगे। फायरिंग में अमित उर्फ कल्लू को गोली लग गयी और वो खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया।
घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। घायल कल्लू को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना होते ही मौके पर लालापुर एसओ मनीष कुमार त्रिपाठी पहुंच गए। उसके बाद एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित, सीओ बारा अवधेश कुमार शुक्ल के साथ कई थानों की फोर्स के साथ फारेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। घटना के बारे में ग्रामीणों से पूंछतांछ की जा रही है। मृतक अमित उर्फ कल्लू के बहनोई मुकेश तिवारी निवासी नगरवार की तहरीर पर अशोक पाठक, अरुण पाठक व अनिल पाठक पुत्रगण रामगणेश पाठक, प्रकाश व प्रशांत व विकाश पाठक पुत्रगण दिलीप कुमार पाठक के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 323, 504, 506,302,120/बी 34 आइपीसी के तहत मुक़दमा दर्ज कराया गया है। इसमें दो अभियुक्त अरुण पाठक व अनिल पाठक को पुलिस ने असलहा सहित गिरफ़्तार कर लिया गया है।
दरोगा की हत्या का आरोपी था मृतक
बिरवल गांव निवासी अमित उर्फ कल्लू तिवारी दरोगा आरपी द्विवेदी की हत्या का आरोपी है। 14 जून 2013 को बारा थाने में तैनात दरोगा आरपी द्वेदी की शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के हड़ही गांव के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में अमित आरोपी है।
प्रधानी को लेकर भी थी टशन
नगरवार गांव की प्रधानी आरोपी अशोक पाठक के परिवार में आजादी के बाद से ही रही है। वहीं इस बार फौज से सेवानिवृत्त होकर आए मुकेश तिवारी की पत्नी प्रधान चुन ली गईं। इसको लेेकर दोनों पक्षों में टशन थी। शनिवार को हुए विवाद में दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और विवाद बढ़ने पर हुई फायरिंग में कल्लू तिवारी की मौत हो गई।