होली के मौके पर चिप्स की खरीदारी करते ग्राहक।
- फोटो : अमर उजाला
बाजार में हजार रुपये किलो तक की गुझिया उपलब्ध
गुझिया के बिना होली का त्योहार अधूरा है। इस बार भी बाजार में गुझिया की मांग ज्यादा है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष गुझिया के दाम दस फीसदी तक बढ़ गए है। नामी दुकानों पर एक हजार रुपये किलो तक गुझिया उपलब्ध है। हालांकि, बाजार में गुझिया की काफी वैरायटी भी है।
बाजार में परंपरागत गुझिया के साथ ही केसरिया, चाशनी से पगी, मोतीचूर, खोवा व बेक करके चाशनी से बनाई हुई गुझिया भी मौजूद है। हीरा हलवाई एंड संस के रोहित केसरवानी ने बताया कि उनके यहां 720 रुपये किलो में गुझिया उपलब्ध है। लोगों ने इसकी एडवांस बुकिंग भी करवाई है।
भगवान दास प्रहलाद दास के अंकित गुप्ता ने बताया कि इस बार शुगर फ्री, इलायची, केसर व सादी गुझिया बनाई गई है। नेतराम मूलचंद अग्रवाल, कामधेनू व सैनिक स्वीट्स पर भी लोग गुझिया खरीदने पहुंचे। इन दुकानों पर आकर्षक पैकिंग का ऑफर भी है। चौक व्यापारी सतीश केसरवानी ने बताया कि बहुत से लोगों ने एक दूसरे को गिफ्ट करने के लिए ड्राई फ्रूट के पैकेट खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है। इस पैकेट में गुलाल भी उपलब्ध है। इसका रेट 400 से 3500 रुपये तक है।