Prayagraj News : परीक्षा के अंतिम दिन जमकर खेली गई होली।
- फोटो : अमर उजाला।
होली के रंगों का खुमार फिजाओं में अभी से दिखने लगा है। कॉलेज और हॉस्टल में होली खेलने का दौर पिछले दो दिनों से लगातार जारी है। ऐसा ही नजारा यूपी बोर्ड की दसवीं की परीक्षा खत्म होने के बाद केंद्रों के बाहर भी दिखा। शुक्रवार को परीक्षा के अंतिम दिन छात्रों ने दिल खोलकर होली खेली। केंद्रों से बाहर आते ही हवाओं में रंग और गुलाल उड़ने लगे। शोर गुल के बीच परीक्षार्थियों ने एक दूसरे को गुलाल लगाया।
परीक्षा खत्म होने की खुशी और उत्साह बच्चों के ऊपर साफ दिख रहा था। शनिवार को इंटर की परीक्षाएं भी समाप्त हो रही है। ऐसे में इस बार बोर्ड परीक्षा में शामिल परीक्षार्थी होली का जश्न मनाएंगे। सीएवी इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर निकले दसवीं के छात्र आदित्य खरे ने बताया कि शुरू में डर था की कहीं होली परीक्षा के बीच ने पड़ जाए। लेकिन अब ऐसा नहीं है।
दोस्तों के साथ होली खेलने के लिए सुबह ही रंग का इंतजाम हो गया था। एमवी इंटर कॉलेज के छात्र आदर्श कुमार मिश्रा ने बताया कि दोस्तों के साथ इसकी योजना कई दिन पहले ही बनी थी। सिंधु विद्या मंदिर के सुमित रावत और एसपी कांवेंट के सत्यम भी अपने दोस्तों के साथ होली खेलते दिखे।