विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन विनायक राव देशपांडे ने शनिवार को कहा कि श्री राम जन्मभूमि आंदोलन की वजह से दुनिया भर के हिंदू संगठन हुए। इस आंदोलन से हिंदू समाज में व्याप्त तमाम कुरीतियां समाप्त हुई। धार्मिक जागरण और सांस्कृतिक चेतना का संचार भी हुआ। राष्ट्रीय महामंत्री ने यह बात नैनी स्थित माधव ज्ञान केंद्र इंटर कालेज में विहिप काशी प्रांत के पदाधिकारियों की बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद ने अपने लक्ष्य पर निरंतर कार्य किया है। संतों के मार्गदर्शन में समय-समय पर हिंदू समाज का नेतृत्व संगठन द्वारा किया गया है। आज धर्मांतरण हिंदू समाज के समक्ष एक प्रमुख चुनौती है। हिंदू समाज के सभी वर्गों और मातृशक्ति के बल पर इसका मुकाबला किया जा सकता है । उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से चलाए जा रहे सेवा कार्यों को भी हमे बढ़ाना होगा।
गांव- गांव में संगठन को सशक्त करना होगा। आजादी के इतने दिनों बाद भी हमारे बीच गुलामी के तमाम प्रतीक बने हुए हैं। इसे खत्म करना होगा। जो सड़कें और स्थान के नाम आक्रमणकारियों के नाम पर हैं उनके नाम परिवर्तन के लिए भी लामबंद होना पड़ेगा। मठ, मंदिरों का अधिग्रहण भी समाप्त कराना होगा। उनके धन का प्रयोग धर्म की रक्षा और संस्कृति के संरक्षण के लिए करने की योजना तैयार करनी होगी। संगठन को सामाजिक समरसता के लिए भी प्रयासरत होना पड़ेगा। जरूरत पड़े तो जन आंदोलन भी शुरू करना होगा।
इस मौके पर काशी प्रांत के सभी जिलों की संगठनात्मक संरचना के बारे में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विहिप क्षेत्र संगठन मंत्री अंबरीश सिंह को केंद्रीय मंत्री बनाए जाने पर पदाधिकारियों ने उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रांत संगठन मंत्री मुकेश कुमार ने कहा कि यह विदाई समारोह नहीं है। यह स्नेह समारोह है। यहां नवागंतुक क्षेत्रीय संगठन मंत्री गजेंद्र का परिचय राष्ट्रीय महामंत्री संगठन विनायक राव देशपांडे ने सभी कार्यकर्ताओं से कराया। कार्यक्रम में शुभ नारायण सिंह, प्रांत मंत्री आनंद सिंह, प्रांत उपाध्यक्ष विमल प्रकाश, सुरेश अग्रवाल, अजय गुप्ता, संजय गुप्ता, विनोद अग्रवाल, अनिल पांडे, आर.एम. गोयल, मोहनलाल पटेल, लाल प्रताप सिंह, महेंद्र मौर्य, कमला मिश्रा, रीता सिंह आदि मौजूद रहीं।