माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए लगे हिंदी ओर अंग्रेजी के बोर्ड
प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में बृहस्पतिवार को महाप्रबंधक प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक हुई। बैठक में महाप्रबंधक ने प्रयागराज में अगले वर्ष की शुरूआत में लगने वाले माघ मेले को लेकर कहा कि इसमें लाखों की संख्या में लोग आते हैं। इसलिए मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए ट्रेनों की समय सारिणी, किराया सूची आदि के बोर्ड हिंदी और अंग्रेजी भाषा में लगवाए जाएं।
इस अवसर पर जीएम एनसीआर ने एनसीआर की वेबसाइट को द्विभाषी करने तथा स्टेशन संचालन नियमों एवं गेट संचालन अनुदेशों को हिंदी और अंग्रेजी दोनों ही भाषाओं में जारी करने की हिदायत दी। जीएम ने कहा कि संवैधानिक एवं विधिक प्रावधानों के अंतर्गत राजभाषा नीति को लागू करना हमारा प्रमुख दायित्व है।इस अवसर पर उप मुख्य राजभाषा अधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने समिति के सदस्यों को राजभाषा का प्रयोग प्रसार बढ़ाने के लिए किए गए कार्यों के बारे में बताया। कहा कि अब तक सात हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया जा चुका है। बैठक में प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी नंद किशोर ने कविता का पाठ किया। बैठक में प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक एमएन ओझा ने धर्मवीर भारती के साहित्य पर चर्चा की।