झूंसी स्थित गोविंद बल्लभ पंत सामाजिक विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रोफेसर बद्रीनारायण के मुताबिक कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए यूजीसी के निर्देश पर संस्थान के निदेशक समेत सभी शिक्षक और कर्मचारी अपनी एक दिन की तनख्वाह प्रधानमंत्री राहत कोष में जमा कराएंगे। इसी क्रम में शिक्षक भी आगे आए हैं। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ शर्मा गुट के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, विधायक सुरेश त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को एक दिन का वेतन देने की घोषणा की है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के प्रदेश महामंत्री लालमणि द्विवेदी ने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री को पत्र भेजकर एक दिन का वेतन देने के लिए प्रस्ताव किया है। वहीं प्रधानाचार्य परिषद के प्रदेश अध्यक्ष बृजेश शर्मा ने संघ की ओर से एक दिन का वेतन देने का प्रस्ताव किया है। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार पांडे ने प्राथमिक शिक्षकों और उत्तर प्रदेश शिक्षामित्र संघ ने भी अपना एक दिन का मानदेय देने की घोषणा की है।
जिला पंचायत ने दो करोड़ और सांसद विनोद ने दिए एक करोड़
कोरोना वायरस के संदर्भ में चिकित्सकीय सुविधा बढ़ाने के लिए जिला पंचायत की ओर से दो करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह ने इस आशय का एक पत्र जारी किया है। कौशांबी के सांसद विनोद सोनकर ने भी अपनी सांसद निधि से पीएम राहत कोष में एक करोड़ की धनराशि देने की बात कही है। उन्होंने शनिवार को मुंडेरा मंडी का जायजा लेते हुए मंडी सचिव से कहीं भी भीड़ एकत्र न होने देने को कहा है।