नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) लागू हाेेने के बाद प्रदेश भर में हाई अलर्ट लागू हो गया है। इसके तहत शहर में भी विशेष चौकसी बरती गई। पुलिस अफसरों ने फोर्स संग देर शाम पुराने शहर में पैदल मार्च किया। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अफसरों ने धार्मिक गुरुओं से भी मुलाकात की।
सीएए लागू होने के बाद देर शाम पुलिस अफसरों ने कोतवाली, खुल्दाबाद, करेली, शाहगंज, अतरसुइया आदि इलाकों में भारी फोर्स संग पैदल गश्त की। फोर्स बाजारों के साथ-साथ आवासीय क्षेत्रों में भी पहुंची और सुनिश्चित किया कि शांति व्यवस्था कायम रहे। मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील इलाकों में खास नजर रखी गई। धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
इसके साथ ही चप्पे-चप्पे पर नजर रखने को निर्देशित किया गया। एसीपी कोतवाली मनोज सिंह के नेतृत्व में फोर्स ने देर शाम से रात तक अलग-अलग इलाकों में पैदल गश्त की। अफसर धार्मिक गुरुओं से भी मिले और शांति व्यवस्था कायम करने में सहयोग की अपेक्षा की। संबंधित थानों की फोर्स को निर्देशित किया गया है कि वह रात में विशेष तौर पर चौकसी बरतें। किसी भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल अफसरों को दें। साथ ही शांति व्यवस्था कायम करना हर हाल में सुनिश्चित करें।
सोशल मीडिया की सतत निगरानी
इसके साथ ही सोशल मीडिया की निगरानी भी बढ़ा दी गई है। सोशल मीडिया सेल में तैनात जवानों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट की सूचना अफसरों को दें ताकि तत्काल ऐसा करने वालों को चिह्नित कार्रवाई की जा सके।