प्रयागराज। नई दिल्ली जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस, प्रयागराज-नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस, प्रयागराज-जयपुर एक्सप्रेस आदि का संचालन शनिवार से शुरू होने जा रहा है। शनिवार को पहले दिन ही इन तीनों ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची हो गई है। शुक्रवार की शाम सात बजे वंदे भारत में प्रयागराज से नई दिल्ली के लिए चेयरकार श्रेणी में प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा 45 पर पहुंच गया तो दिल्ली हमसफर के स्लीपर में प्रतीक्षा सूची 90 तक पहुंच गई। हमसफर एक्सप्रेस के थर्ड एसी में भी 500 से ज्यादा बर्थ भर गईं। इसमें अब नाम मात्र की ही बर्थ अब उपलब्ध है।
हालांकि, शनिवार को हमसफर के थर्ड एसी में भी प्रतीक्षा सूची होने की संभावना रेलवे अफसरों ने व्यक्त की है। उधर, प्रयागराज-जयपुर एक्सप्रेस के भी स्लीपर में शनिवार को प्रतीक्षा सूची है। यही हाल बुंदेलखंड एक्सप्रेस और चौरीचौरा एक्सप्रेस का भी है। इन दोनों ही ट्रेनों का संचालन रविवार 13 सितंबर से शुरू होना है। वहीं, दूसरी ओर चेन्नई के लिए गंगा कावेरी एक्सप्रेस मंगलवार 15 सितंबर से शुरू होगी। गंगा कावेरी में बुकिंग शुरू होने के बाद 20 अक्तूबर तक स्लीपर और थर्ड एसी श्रेणी में प्रतीक्षा सूची हो गई है ।
बता दें कि रेल प्रशासन के नए शेड्यूल के मुताबिक प्रयागराज जंक्शन के रास्ते नौ जोड़ी ट्रेनें संचालित की जाएंगी। जबकि अनलॉक होने के बाद से यहां से कुल 22 जोड़ी ट्रेनें प्रयागराज जंक्शन से गुजर रही थीं। इसमें चार जोड़ी ट्रेनें यहां से थ्रू पास गुजर रही हैं, जबकि 18 जोड़ी का यहां ठहराव है। शनिवार को वंदे भारत, हमसफर का संचालन प्लेटफार्म नंबर छह से एवं प्रयागराज-जयुपर का संचालन प्लेटफार्म नंबर एक से होगा।
सिटीसाइड से प्रवेश, सिविल लाइंस साइड से होगी निकासी
प्रयागराज। प्रयागराज जंक्शन से शुरू होने वाली नई स्पेशल ट्रेनों में जिन यात्रियों को सफर करना है, उन्हें रेलवे द्वारा शनिवार को सिटी साइड से ही प्रवेश दिया जाएगा। जबकि जंक्शन से बाहर आने वाले यात्रियों को सिविल लाइंस साइड से निकाला जाएगा। अनलॉक होने के बाद से यह व्यवस्था लागू है जो आगे भी लागू रहेगी। इस दौरान प्लेटफार्म टिकट नहीं मिलेगा।