कस्बा स्थित तिराहे के समीप एक थोक किराना की दुकान में सेंधमारी कर चोरों ने नकदी समेत सामग्री चोरी कर ली। पुलिस बूथ के करीब हुई घटना से व्यापारी सकते में आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया है।
कस्बा के वार्ड नंबर 14 सेठिया मोहल्ला निवासी गिरिवरधारी केसरवानी लखनऊ राजमार्ग पर पुलिस बूथ तिराहे के पास लक्ष्मी ट्रेडर्स नाम से किराना की थोक दुकान है। रोजाना की तरह बृहस्पतिवार को भी व्यापारी अपनी दुकान बंद करके घर चले गए थे। देर रात चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध काटकर अंदर दाखिल हो गए।
चोरों ने दुकान के गल्ले में रखी दिन भर की बिक्री की करीब 70 हजार रुपये की नकदी और वहां रखा सामान चोरी कर लिया। शुक्रवार सुबह जब चोरी की जानकारी हुई तो पीड़ित व्यापारी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआयना किया। पुलिस तहरीर के आधार पर आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर चोरों की शिनाख्त करने कर प्रयास कर रही है।