इलाहाबाद। शक्ति की अधिष्ठात्री देवी दुर्गा की पूजा उपासना का पर्व दुर्गोत्सव की मुख्य पूजा महाषष्ठी सोमवार से आरंभ होगी। पर इससे पहले रविवार को पूजा पंडालों में देवी प्रतिमाओं की स्थापना के साथ ही रौनक आ गई। पंडालों में उत्साहपूर्वक आनंद मेला भी मनाया गया।
इसके तहत सेंट्रल बारवारी दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से दुर्गापूजा पार्क, रामानंद नगर भरद्वाजपुरम और साउथ मलाका बारवारी की ओर से प्रयाग संगीत समिति परिसर में उद्घाटन के साथ आनंद मेले की धूम रही।
आकर्षक परिधान में श्रद्धालुओं नेे पंडाल में उपस्थिति दर्ज कराई। पंडाल परिसर में महिलाओं की ओर से तैयार किए गए विविध प्रकार के व्यंजन के स्टाल लगाए गए। बच्चों के लिए भी कई तरह के मनोरंजक खेल मौजूद थे। रामबाग सार्वजनिन दुर्गा पूजा कमेटी के पूजा पंडाल में पुरोहित अशोक चक्रवर्ती ने पूजा कराई। भारद्वाज पुरम दुर्गा पूजा समिति देवी आगमन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।
दुर्गा पूजा की महाषष्ठी पर सोमवार को सुबह बोधन, आमंत्रण, अधिवास से देवी को आमंत्रित किया जाएगा। इस मौके पर पूजा पंडालों में ढाक की ध्वनि के बीच विविधतापूर्ण कार्यक्रम होंगे।
महामाया बारवारी प्रीतमनगर दुर्गा पूजा कमेटी की ओर से एमआईजी पार्क प्रीतमनगर में 20 अक्तूबर को अखिल भारतीय कवि सम्मेलन और सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्य संयोजक श्लेष गौतम के मुताबिक सोमवार को आशीष बनर्जी का गायन होगा।।
दरभंगा कालोनी पूजा कमेटी का दुर्गोत्सव सोमवार को उद्घाटन से शुरू होगा। सचिव देवव्रत बासु के मुताबिक मंडलायुक्त राजन शुक्ला शाम सात बजे उद्घाटन करेंगे।