इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सेंटर ऑफ फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी की छात्राओं ने रैंप पर प्रकृति के विविध रंगों की प्रस्तुति दी। किसी ने पत्तियों को अपनी ड्रेस डिजाइन का हिस्सा बनाया तो किसी ने तितलियों को।
सेंटर में बृहस्पतिवार को आयोजित फैशन शो के दौरान किसी ने विभिन्न पर्यटन स्थलों को बाटिक पेंटिंग के जरिये दिखाने का प्रयास किया तो किसी ने सुई को सपनों की उड़ा का हिस्सा बना लिया। अंतिम सेमेस्टर की छात्राओं ने अपने डिजाइन किए हुए वस्त्रों की प्रस्तुति फैशन शो के रूप में की। हर छात्रा ने प्रकृति के विभिन्न रंगों पर आधारित थीम के तहत आठ परिधान प्रस्तुत किए। कुछ छात्राओं ने परिधानों की डिजाइनिंग को लेकर नए और रोचक प्रयोग भी किए। एक छात्रा ने भारतीय कॉमिक करेक्टर्स को अपनी डिजाइनिंग का हिस्सा बनाया।
फैशन शो में 50 छात्राओं ने परिधान प्रस्तुत किए। फैशन शो का आयोजन इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज की निदेशक प्रो. नीलम यादव ने किया। इस मौके पर सेंटर इंचार्ज मिताली, सेंटर ऑफ मीडिया स्टडीज के कोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ. धनंजय चोपड़ा, सेंटर ऑफ फैशन डिजाइन की डॉ. सृष्टि पुरवार, आशीष श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।